
RKTV NEWS/बक्सर ( बिहार)13 मार्च। बक्सर जिला प्रशासन ने गैस की अफवाहों के मद्देनजर एक विज्ञप्ति जारी करते हुए जानकारी दी है की बक्सर जिले में घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य है। पूरे जिले में गैस की कहीं अभाव नहीं है। गैस की बुकिंग अब 25 दिन पूरे होने के उपरांत ही होगी। 25 दिन पूरे होने पर बिना किसी परेशानी के आपको दूसरा सिलेंडर मिल जाएगा। लोगों की परेशानी को देखते हुए अब ओटीपी का अनिवार्य होना आवश्यक नहीं है।
अतः अगले आदेश तक आप बिना ओटीपी के भी बुकिंग के उपरांत गैस सिलेंडर पा सकते हैं।
प्रशासन की तरफ से यह भी चेतावनी दी जाती है कि घरेलू (Domestic) रसोई गैस का इस्तेमाल व्यावसायिक रूप से बिल्कुल नहीं करेंगे। पकड़े जाने पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जमाखोरी करने वाले व्यक्ति/एजेंसी/संस्था पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है साथ ही अफवाह फैलाने वाले एवं कालाबाजारी करने वाले के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन आपसी समन्वय के साथ स्थिति पर निरंतर निगरानी बनाई हुई है एवं उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो इसका भी अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
गैस सिलेंडर एवं पेट्रोलियम पदार्थों की जमाखोरी एवं कालाबाजारी रोकने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव के द्वारा सभी गैस एजेंसियों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है।
सभी गैस एजेंसियों पर प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक दंडाधिकारी की निगरानी में गैस वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक एजेंसी पर विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की भी तैनाती कर दी गई है।
गैस सिलेंडर को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध साइबर व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से लगातार नजर रखा जा रहा है।
