
RKTV NEWS/औरंगाबाद ( बिहार)13 मार्च।जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आईओसीएल, बीपीसीएल एवं एचपीसीएल के एलपीजी गैस कंपनियों के सेल्स मैनेजरों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गई तथा हाल के दिनों में फैल रही भ्रामक सूचनाओं पर चर्चा की गई।
बैठक में गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि औरंगाबाद जिले में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और गैस आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है। उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर वितरण के समय ओटीपी सत्यापन के माध्यम से पारदर्शी तरीके से सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे किसी प्रकार की कालाबाजारी की संभावना नहीं रहती।
उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में दो गैस सिलेंडर वितरण के बीच 21 दिनों का अंतराल था, जिसे बढ़ाकर अब 25 दिन कर दिया गया है। साथ ही सभी उपभोक्ताओं से अपने गैस कनेक्शन का ई-केवाईसी कराने का अनुरोध किया गया है, जिसके लिए गैस एजेंसियों में अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वर्तमान में औरंगाबाद जिले में आईओसीएल के 15, बीपीसीएल के 11 तथा एचपीसीएल के 11 डिस्ट्रीब्यूटर सहित कुल 37 एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से जिले के घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है।
जिला पदाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया कि ई-केवाईसी एवं ओटीपी सत्यापन की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित किया जाए तथा पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कर आम लोगों को भ्रामक सूचनाओं से दूर रहने के लिए जागरूक किया जाए।
इसके अतिरिक्त जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गैस वितरण व्यवस्था का प्रतिदिन निरीक्षण करें। यदि कोई व्यक्ति एलपीजी गैस को लेकर भ्रामक सूचना फैलाता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जिले में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है और वितरण व्यवस्था नियमित रूप से जारी है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। जिले में गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, अतः गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार गैस प्राप्त करें।
बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह, दाउदनगर अनुमंडल पदाधिकारी अमित राजन तथा जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्वेतांक लाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
