
RKTV NEWS/बक्सर (बिहार)03 फ़रवरी।आज जिला पदाधिकारी बक्सर साहिला के द्वारा नगर परिषद बक्सर अंतर्गत विभिन्न योजनाओं एवं प्रगति यात्रा में घोषित कार्यों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर, विशेष कार्य पदाधिकारी बक्सर, जिला जन संपर्क पदाधिकारी बक्सर, कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण विभाग बक्सर, कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल बक्सर, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर, कनीय अभियंता भवन निर्माण निगम लिमिटेड बक्सर एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
आईटीआई मैदान में निर्माणाधीन 620 क्षमता वाले अटल कला भवन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में उपस्थित कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण विभाग द्वारा बताया गया कि कला संस्कृति एवं युवा विभाग बिहार पटना के द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है। बताया गया कि उक्त निर्माण कार्य दिसंबर 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। निर्देश दिया गया कि आस पास के क्षेत्र में साफ सफाई कराते हुए योजना से संबंधित डिस्प्ले बोर्ड लगवाना सुनिश्चित करेंगे।
आईटीआई मैदान में बनने वाले स्टेडियम निर्माण कार्य के संबंध में पृच्छा करने पर कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण निगम द्वारा बताया गया कि स्टेडियम के निर्माण हेतु निविदा का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। समीक्षा के क्रम में कनीय अभियंता भवन निर्माण निगम लिमिटेड बक्सर द्वारा बताया गया कि स्टेडियम निर्माण का प्रस्तावित नक्शा विभाग स्तर से संशोधित किया गया है संशोधित नक्शा प्राप्त होने के उपरांत एक सप्ताह के अंदर कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
निरीक्षण के क्रम में कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग द्वारा बताया गया कि कुल 4.20 किलोमीटर लंबाई का पथ चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है।
निरीक्षण के क्रम में कार्यपालक अभियंता द्वारा बताया गया कि उक्त सड़क चौड़ीकरण के क्रम में नाला पर चेकर टाईल्स, पेवर ब्लॉक तथा फुटपाथ का निर्माण एवं बिटुमिनस का कार्य कराया जाना शेष है। इस संबंध में निर्देश दिया गया की सड़कों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण एवं सड़कों के लेवल के अनुसार ही नालों का निर्माण कार्य कराना सुनिश्चित करेंगे। ताकि वर्षा का जल आसानी से सड़क से नाले में जा सके जिससे सड़क पर जल जमाव की समस्या उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के क्रम में कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर को निर्देश दिया गया कि आईटीआई मैदान के आसपास के क्षेत्र में अवैध/अस्थाई अतिक्रमण को नियमानुसार एक सप्ताह के अंदर हटवाना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही पेड़/होर्डिंग पर जमे धूल तथा सड़कों का नियमित रूप से साफ सफाई एवं मैदान के आसपास के क्षेत्र का सफाई करवाना सुनिश्चित करेंगे।
कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर को निर्देश दिया गया कि गोलंबर के पास खाली पड़े भूमि पर वेडिंग जोन निर्माण हेतु यथाशीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे एवं गोलंबर के आसपास चिन्हित स्थलों पर नो पार्किंग का बैनर/फ्लैक्स अधिष्ठापित करना सुनिश्चित करेंगे।
निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि बक्सर गोलंबर के आसपास अवैध/अस्थाई एवं फुटपाथी दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण करने के कारण नियमित रूप से जाम की समस्या बनी रहती है जिसके कारण आम जनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर को निर्देश दिया गया कि गोलंबर के आसपास के क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही गोलंबर पार्क को और अधिक आकर्षक बनाने हेतु अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर से समन्वय स्थापित कर कार्य योजना तैयार करते हुए नियमानुसार कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे।
निरीक्षण के क्रम में कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग द्वारा बताया गया कि वरुणा बक्सर रेलवे फ्लाई ओवर बक्सर बस स्टैंड के नजदीक से क्रॉस होगा। फ्लाई ओवर शुरू होने के उपरांत उक्त पथ पर वाहनों का आवागमन बढ़ जाएगा। बताया गया कि बस स्टैंड के पास गोलंबर का निर्माण कार्य होना है। गोलंबर का निर्माण होने से यातायात को नियंत्रित किया जा सकेगा।
