उपायुक्त ने समयबद्ध आपूर्ति एवं पारदर्शिता पर दिया विशेष बल।
RKTV NEWS/गढ़वा(झारखंड )22 जनवरी।आज समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश यादव की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, वितरण प्रणाली की वर्तमान स्थिति तथा उसे और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने को लेकर विस्तारपूर्वक गहन विचार-विमर्श किया गया।
समीक्षा बैठक के दौरान राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के अंतर्गत लाभुकों के ई-केवाईसी की स्थिति, राइटफुल टार्गेटिंग, आधार एवं मोबाइल सीडिंग, तथा राशन कार्ड में सदस्यों के जोड़-घटाव (ERCMS के माध्यम से) की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही गोदामों के निर्माण एवं मरम्मति, डिपो एसेट मैनेजमेंट एप्लीकेशन, तथा खाद्यान्नों के उठाव एवं डोर स्टेप डिलीवरी की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जनवरी 2026 माह के लिए NFSA एवं JFSSS के अंतर्गत खाद्यान्न वितरण, DSD व्यवस्था, धोती/लुंगी/साड़ी वितरण, नमक वितरण, AGRS एवं PGMS से संबंधित शिकायतों के निवारण, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, तथा खरीफ विपणन मौसम (KMS) 2025-26 के अंतर्गत धान अधिप्राप्ति की प्रगति की भी क्रमवार समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि समयबद्ध आपूर्ति, पारदर्शिता और जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने लाभुकों को निर्बाध, सुचारु एवं गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया। साथ ही शिकायतों के शीघ्र निष्पादन एवं योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक के दौरान नवनियुक्त प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को उनके कर्तव्यों से अवगत कराते हुए सकारात्मकता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान उपरोक्त बिंदुओं पर समीक्षा के दौरान अपेक्षाकृत पुर परफॉर्मेंस पाए जाने पर उपाय द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई एवं संबंधित पदाधिकारी को कार्य प्रणाली में सुधार करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन का निर्देश दिया गया। साथ ही धान अधिप्राप्ति, खाद्यान्न वितरण, पैक्सों की कार्यप्रणाली, खाद्यान्नों के भंडारण एवं वितरण, प्रतिवेदनों की अधिकतम स्थिति आदि में लापरवाही प्रदर्शित होने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी गोदाम प्रबंधक, संबंधित पैक्सों के अध्यक्ष एवं सचिव समेत डीलरों पर कारणपृच्छा करते हुए कार्रवाई करने का निर्देश जिला आपूर्ति पदाधिकारी को दिया गया। उपायुक्त ने उपरोक्त बिंदुओं पर समीक्षा के दौरान अपेक्षाकृत धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त करते हुए आगामी बैठक में कार्यों को निश्चित रूप से पूर्ण कर लेने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता राज महेश्वरम जिला आपूर्ति पदाधिकारी देवानंद राम, जिले के सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तथा आपूर्ति विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। विभाग द्वारा यह संकल्प दोहराया गया कि आमजन को विश्वसनीय, पारदर्शी एवं सशक्त आपूर्ति व्यवस्था उपलब्ध कराने हेतु सतत एवं प्रभावी प्रयास जारी रखे जाएंगे।

