कभी बाल मजदूरी में फंसा यह युवा, अब पूरे प्रदेश की युवा शक्ति की सफल अगुवाई कर बनाई पहचान।

पहली बार राष्ट्रीय मंच पर यूपी की अगुवाई कर बागपत के युवा अमन ने रचा इतिहास।

कभी बाल मजदूरी और गरीबी थी पहचान, अब राष्ट्रीय मंच पर बुलंद किया बागपत का नाम।
RKTV NEWS/बागपत(उत्तर प्रदेश)14 जनवरी।संघर्ष, संकल्प और सपनों की सशक्त मिसाल बने बागपत के अमन कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का मान बढ़ाया है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से 10 से 12 जनवरी 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित 29वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव एवं विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग–2026 में अमन कुमार ने चार चरणों की प्रक्रिया पूर्ण कर 50 लाख युवाओं में से चयनित होकर बागपत से एकमात्र प्रतिभागी के रूप में भाग लेते हुए न केवल जिले के लाखों युवाओं का प्रतिनिधित्व किया बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के 79 चयनित युवाओं की अगुवाई भी की।
राष्ट्रीय महत्व के इस कार्यक्रम के लिए टीम उत्तर प्रदेश के प्रस्थान से पूर्व राजभवन, लखनऊ में महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सभी युवा प्रतिभागियों से संवाद किया। इसी संवाद के दौरान राज्यपाल ने बागपत के राज्य युवा पुरस्कार से सम्मानित अमन कुमार पर विशेष विश्वास जताते हुए उन्हें ग्रुप कैप्टन की जिम्मेदारी सौंपी। यह पहला अवसर रहा जब बागपत जनपद को पूरे उत्तर प्रदेश के युवा दल की कमान सौंपी गई। अमन कुमार ने इस ऐतिहासिक दायित्व को पूरी संवेदनशीलता, अनुशासन और समन्वय के साथ निभाते हुए न केवल टीम उत्तर प्रदेश का नेतृत्व किया बल्कि राष्ट्रीय मंच पर बागपत और प्रदेश की सकारात्मक छवि प्रस्तुत कर एक नई मिसाल भी कायम की।
स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर भारत मंडपम में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग–2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर से चयनित युवाओं का मार्गदर्शन किया और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने युवाओं द्वारा प्रस्तुत विचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह विचार भारत की अमृत पीढ़ी के उस दृढ़ संकल्प को दर्शाते हैं जो देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में अग्रसर है। टीम उत्तर प्रदेश में विभिन्न ट्रैकों के अंतर्गत युवाओं की व्यापक भागीदारी रही। इनमें 28 युवा कल्चरल एवं इनोवेशन ट्रैक, 45 युवा विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, 2 युवा डिज़ाइन फॉर भारत ट्रैक तथा 4 युवा हैक फॉर सोशल कॉज़ ट्रैक में शामिल रहे।
इसी क्रम में बागपत के अमन कुमार ने विकसित भारत चैलेंज ट्रैक के अंतर्गत लोकतंत्र एवं शासन में युवा भागीदारी विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने सुझाव दिया कि स्कूल, कॉलेज और यूथ क्लब से जुड़े प्रत्येक युवा तक शैक्षिक एवं करियर अवसरों की जानकारी पहुंचाने के लिए माय भारत से जुड़ा एक एकीकृत पोर्टल विकसित किया जाना चाहिए, ताकि अवसरों की जानकारी बिखरी न रहे और कोई भी युवा पीछे न छूटे। विकसित भारत ट्रैक के दौरान केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजीजू, केंद्रीय शिक्षा तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्यमंत्री जयंत चौधरी और केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्यमंत्री रक्षा निखिल खडसे ने युवाओं के विचार सुने और उनकी सराहना की।
नई दिल्ली में ग्रुप कैप्टन अमन कुमार के नेतृत्व में टीम उत्तर प्रदेश ने सैम मानेकशॉ सेंटर में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से संवाद किया। इस अवसर पर जनरल अनिल चौहान, एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी, जनरल उपेंद्र द्विवेदी, एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह तथा सचिव (रक्षा उत्पादन) संजीव कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में रात्रि भोज आयोजित हुआ। कार्यक्रम के समापन पर रक्षा मंत्री ने सभी युवा प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। यह क्षण टीम उत्तर प्रदेश के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा जिसने युवाओं में राष्ट्रसेवा के प्रति गर्व और जिम्मेदारी की भावना को और सुदृढ़ किया।
वहीं भारत मंडपम में आयोजित विभिन्न सत्रों के दौरान युवाओं ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला तथा गगनयान अंतरिक्ष यात्री प्रशांत नायर के अनुभव भी सुने। विभिन्न राज्यों से आए युवाओं के बीच संस्कृति और विचारों का आदान–प्रदान हुआ और सभी ने विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान का संकल्प दोहराया।
बाल मजदूर से प्रदेश के युवाओं की अगुवाई तक
कभी गरीबी और बाल मजदूरी से जूझते हुए अख़बार बेचने वाले अमन कुमार की यात्रा आज प्रदेशभर के युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी है। अमन का कहना है कि उन्हें ग्रुप कैप्टन बनाकर प्रदेश सरकार ने जो विश्वास और सम्मान दिया गया, वह प्रदेश के उन करोड़ों ग्रामीण युवाओं का सम्मान है जो सीमित संसाधनों के बीच ईमानदारी से अपने नैतिक कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे है। पहली बार बागपत जनपद ने पूरे उत्तर प्रदेश की युवा शक्ति का नेतृत्व राष्ट्रीय मंच पर किया।
अमन कुमार ने बताया कि इस पूरे आयोजन से वह अपने जनपद के विकास के लिए नए विचार और प्रेरणा लेकर लौटे हैं। पूरे प्रदेश के युवाओं का नेतृत्व करना उनके लिए गर्व का क्षण रहा। कार्यक्रम के दौरान देश की विभिन्न हस्तियों और प्रख्यात व्यक्तित्वों के बीच ग्रुप कैप्टन एवं टीम यूपी का परिचय बागपत की पहचान के साथ हुआ। प्रधानमंत्री ने प्रदेश स्तर पर विकसित राज्य यंग लीडर्स डायलॉग के भव्य आयोजन का टास्क दिया है जिसमें अमन और उनकी टीम पूर्ण सहभागिता करेंगी। वहीं राज्यपाल ने इन अनुभवों को पुस्तक के रूप में संजोने का आह्वान किया है जिस पर अमन कुमार कार्य करेंगे।

