
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)21 दिसंबर। शनिवार को दुमका परिसदन के सभागार में झारखंड विधानसभा की प्रत्यायुक्त विधान समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति सह विधायक सरयू राय ने की। इस अवसर पर समिति सदस्य के रूप में जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर उपस्थित रहे। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान सभापति सह विधायक सरयू राय ने जिले के सभी विभागों के कार्यों की क्रमवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं एवं कार्यों का निष्पादन निर्धारित नियमावली एवं पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं जवाबदेही सर्वोपरि होनी चाहिए।
नगर परिषद के कार्यों की समीक्षा करते हुए सभापति ने ठोस कचरा प्रबंधन, शहर की साफ-सफाई व्यवस्था तथा ड्रेनेज सिस्टम की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, नियमित कचरा संग्रहण एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने हेतु आवश्यक कदम उठाने पर बल दिया।
बैठक में सभी विभागों की नियमावली पर विस्तृत चर्चा की गई तथा विभागों में स्वीकृत पदों के विरुद्ध कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मियों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई। इस संदर्भ में सभापति सह विधायक सरयू राय ने कहा कि मैनपावर की कमी से संबंधित समस्याओं को राज्य सरकार के संज्ञान में लाया जाएगा, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
सभापति ने जिला पर्यावरण समिति की नियमित बैठक आयोजित करने का निर्देश देते हुए कहा कि जिन परियोजनाओं या प्रतिष्ठानों द्वारा पर्यावरण स्वीकृति की शर्तों का पालन नहीं किया जा रहा है, उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने एवं शासन के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया।
