जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने अपने हाथों से नन्हें बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।
RKTV NEWS/हाजीपुर (वैशाली)16 दिसंबर।आज पूर्वाह्न 10 बजे अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, हरौली, हाजीपुर में जिला पदाधिकारी वैशाली वर्षा सिंह द्वारा पल्स पोलियो कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन वैशाली द्वारा जिला पदाधिकारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। तत्पश्चात जिला पदाधिकारी महोदया द्वारा फीता काटकर इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अभियान का उद्घाटन किया गया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने वैशाली जिले के समस्त नागरिकों से अपील की कि शून्य से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पल्स पोलियो की खुराक अवश्य पिलाई जाए, ताकि जिले को पूर्ण रूप से पोलियो मुक्त बनाए रखा जा सके। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि इस अभियान में कोई भी बच्चा छूटने न पाए और घर-घर जाकर शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित की जाए।
जिला पदाधिकारी ने मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए स्वयं अपने हाथों से नन्हें बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। इस अवसर पर उपस्थित अभिभावकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने जिला पदाधिकारी के इस प्रेरणादायक पहल की सराहना की।
उद्घाटन कार्यक्रम में डॉ. श्यामनन्दन प्रसाद, सिविल सर्जन, वैशाली; डॉ. विशाल प्रकाश, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, वैशाली; डॉ. गुड़िया कुमारी, अधीक्षक, सदर अस्पताल, हाजीपुर; डॉ. कुमार मनोज, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला स्वास्थ्य समिति, वैशाली; प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हाजीपुर; मधुमिता कुमारी, एसएमसी, यूनिसेफ; अशोक कुमार, फोकल पर्सन, डब्ल्यूएचओ, वैशाली; मो. जकी अहमद, वीसीसीएम, यूएनडीपी, वैशाली; दीपक कुमार, बीएमसी, यूनिसेफ, हाजीपुर शहरी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि पल्स पोलियो अभियान जिले में 16 दिसंबर से 20 दिसंबर 2025 तक संचालित किया जाएगा। इसके पश्चात दिनांक 22.12.2025 को बी-टीम के माध्यम से शून्य से 5 वर्ष आयु वर्ग के छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इस अभियान के अंतर्गत जिले में लगभग 6,30,000 लक्षित बच्चों को आच्छादित किया जाना है।
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी वैशाली द्वारा जानकारी दी गई कि अभियान के सफल संचालन हेतु जिले में कुल 1286 हाउस-टू-हाउस दल, 226 ट्रांजिट दल, 42 मोबाइल दल, 462 सुपरवाइजर सहित कुल 3623 कर्मियों को तैनात किया गया है। साथ ही जिले के सभी प्रखंडों में पर्याप्त मात्रा में पोलियो वैक्सीन, वैक्सीन कैरियर, बैनर एवं प्रचार सामग्री उपलब्ध करा दी गई है, ताकि अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

