
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)06 दिसंबर। शुक्रवार को जिला पदाधिकारी भोजपुर तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में ज़िला टास्क फ़ोर्स (अधिप्राप्ति) से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समीक्षा के क्रम में ज़िला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 के लिए कुल 185 पैक्स और 6 व्यापार मंडल मिलाकर 191 समितियाँ चुनी जा चुकी हैं। इनमें से 187 समितियों को कैश क्रेडिट भी दे दिया गया है।56 समितियाँ काम करना शुरू कर चुकी हैं और बाकी समितियों को भी जल्दी सक्रिय कराने की कोशिश की जा रही है।
अब तक 88 किसानों से 7,65,009 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। कुल 31,188 किसान अपना धान बेचने आ चुके हैं। बिहार सरकार के निर्देश पर अब पैक्स के साथ-साथ व्यापार मंडल में भी धान बेचा जा सकता है। टास्क फ़ोर्स के निर्देश पर सभी चयनित समितियों को 2 लॉट में धान खरीद का लक्ष्य दिया गया है। अब तक 178 समितियों को 1 लॉट के हिसाब से कैश क्रेडिट मिल चुका है। 13 समितियों को खाते से जुड़ी समस्या के कारण कैश क्रेडिट नहीं मिल पाया है। जिला पदाधिकारी ने अविलंब खाता में सुधार करवाते हुए कैश क्रेडिट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम ने बताया कि निर्धारित 32 मिलों में से 19 मिलों का फिजिकल निरीक्षण हो चुका है। बाकी 13 मिलों का निरीक्षण भी जल्द किया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि 3 दिनों के भीतर सभी राइस मिलों का फिजिकल सत्यापन पूरा किया जाए और समितियों को जानकारी दे दी जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि 48 घंटे के अंदर किसानों का भुगतान कर दिया जाए और इस साल धान बेचने वाले सभी किसानों का 100% पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।बैठक में उप विकास आयुक्त भोजपुर, जिला सहकारिता पदाधिकारी , जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी,जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
