
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)10 नवंबर ।बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2025 के सफल, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन के क्रम में रविवार को अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी,बिहार प्रशांत कुमार सी. एच. के द्वारा बाज़ार समिति, आरा स्थित स्ट्रॉन्ग रूम (बज्रगृह) एवं मतगणना केंद्र का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप की गई सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। प्रशांत कुमार सी. एच. ने स्ट्रॉन्ग रूम परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरा मॉनिटरिंग सिस्टम, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, लॉगबुक संधारण, त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तथा सुरक्षा बलों की तैनाती की स्थिति का विस्तारपूर्वक अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक भोजपुर, उप विकास आयुक्त भोजपुर, सभी निर्वाची पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, नोडल पदाधिकारी बज्रगृह कोषांग तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
