RK TV News
खबरें
Breaking News

भोजपुर:जिला स्तरीय प्रतियोगिता में +2 उच्च विद्यालय पीरो के छात्रों का जलवा।

रोल प्ले और लोक नृत्य दोनों में जीता द्वितीय स्थान,पूरे विद्यालय में खुशी की लहर।

पीरो /भोजपुर(भीम राय)18 अक्टूबर।जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डायट पिरौटा, भोजपुर में आयोजित जिला स्तरीय रोल प्ले एवं लोक नृत्य प्रतियोगिता में +2 उच्च विद्यालय पीरो के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम पूरे जिले में रोशन किया। विद्यालय की दोनों टीमों ने अपनी प्रतिभा, समर्पण और अनुशासन के बल पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक भीम राय और सहायक शिक्षिका रिंकू कुमारी के नेतृत्व में विद्यालय से दो टीमों ने प्रतियोगिता में भाग लिया था — एक रोल प्ले टीम और दूसरी लोक नृत्य टीम।

रोल प्ले में जागरूकता और अभिनय का संगम

रोल प्ले टीम ने “एचआईवी एवं प्रजनन स्वास्थ्य” जैसे संवेदनशील और सामाजिक विषय पर उत्कृष्ट प्रस्तुति दी। छात्रों ने अभिनय के माध्यम से समाज में जागरूकता का संदेश दिया, जिसे निर्णायकों ने खूब सराहा। इस टीम में आयुषी कुमारी, आंचल कुमारी, अमृता कुमारी, उज्जवल कुमार और प्रीतम कुमार ने भाग लिया। टीम की तैयारी शिक्षक प्रकाश चंद्र ओझा, ब्रजमोहन पाठक और अरुण कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से कराई। उनके निर्देशन में छात्रों ने रोल प्ले की हर बारीकी पर विशेष ध्यान दिया, जिसके परिणामस्वरूप यह शानदार सफलता मिली।

लोक नृत्य में झलकी संस्कृति और संदेश

लोक नृत्य टीम ने “पर्यावरण के प्रति जागरूकता” विषय पर एक मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। रंग-बिरंगे परिधानों और आकर्षक भाव- भंगिमाओं से सजी प्रस्तुति ने दर्शकों का दिल जीत लिया। नृत्य में आकृति कुमारी, सोनाली कुमारी, दुर्गा कुमारी, सोनी कुमारी और चांदनी कुमारी ने हिस्सा लिया। इस टीम की तैयारी विद्यालय की शिक्षिका रिंकू कुमारी, जया कुमारी, सबीहा खातून, प्रीति कुमारी, अंजू कुमारी और रागिनी चौधरी ने मिलकर कराई थी। विद्यालय के पूर्व छात्र अनूप कुमार रौशन ने छात्राओं को विशेष नृत्य-टिप्स देकर सहयोग किया, जिसके लिए छात्राओं और शिक्षकों ने उनका आभार व्यक्त किया।

विद्यालय में खुशी की लहर

दोनों टीमों की शानदार सफलता पर विद्यालय में जश्न का माहौल है। सभी शिक्षकों ने विजेता छात्रों को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रभारी प्रधानाध्यापक भीम राय ने कहा “हमारे विद्यालय के छात्र-छात्राओं में अपार प्रतिभा है। हम उन्हें हर स्तर पर मंच देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आने वाले समय में हमारा लक्ष्य विद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।”

उन्होंने सभी शिक्षकों और छात्रों को इस सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं और कहा कि ऐसे आयोजन न केवल प्रतिभा को निखारते हैं, बल्कि छात्रों में आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं।

शिक्षा विभाग से भी मिली सराहना

पीरो प्रखंड के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने भी +2 उच्च विद्यालय पीरो की विजेता टीम को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि “विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी मेहनत और लगन से यह सिद्ध कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी अवसर मिलने पर किसी से कम नहीं हैं। यह उपलब्धि पूरे प्रखंड के लिए गर्व की बात है।”उनकी बधाई से छात्रों और शिक्षकों का उत्साह और भी बढ़ गया।

शिक्षकों और अभिभावकों ने की सराहना

विद्यालय के शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने इस उपलब्धि को विद्यालय की सामूहिक मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ न केवल शिक्षा के साथ संस्कृति को जोड़ती हैं, बल्कि सामाजिक मुद्दों पर बच्चों को संवेदनशील बनाती हैं।

Related posts

दैनिक पञ्चांग : 23 सितंबर 25

rktvnews

भोजपुर:आरा में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का डीएम ने किया निरीक्षण।

rktvnews

मध्यप्रदेश:”अनुगूंज” हमारी सांस्कृतिक विरासत के विस्तार और युवा प्रतिभाओं के लिए सुनहरा मंच : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

rktvnews

पूर्वी सिंहभूम:जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने कॉपरेटिव कॉलेज का किया निरीक्षण, ईवीएम डिस्पैच एवं रिसिविंग सेंटर निर्माण को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।

rktvnews

भोजपुर: मोंटी श्रृंगार स्टोर का सामूहिक उदघाटन।

rktvnews

पूर्वी चंपारण:संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए चलाया गया जागरूकता अभियान।

rktvnews

Leave a Comment