
पटना/बिहार (राकेश मंगल सिन्हा) 4 अक्टूबर। राजधानी पटना समेत पूरे बिहार मे बारिश का दौर जारी है। सूबे में कहीं रुक-रुक कर तो कहीं तेज बारिश हो रही है। तेज बारिश से जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई शहरों एवं गाँवों मे मूसलाधार बारिश से जलजमाव हो गया है। हालांकि राजधानी पटना मे मूसलाधार बारिश नहीं हुई है। कभी रुक-रुक कर और कभी तेज बारिश से राजधानी भी भींगी हुई है। कई अन्य जगहों पर तेज और मूसलाधार बारिश से लोग परेशान हैं। हथिया नक्षत्र में कई वर्षों के बाद तेज बारिश हुई है। इस बारिश से धान की फसल को फायदा होने की उम्मीद जताई जा रही है। पिछले दो-तीन महीनों मे बारिश कम होने के कारण किसान खेतों में लगे धान की फसल की सिंचाई बोरिंग से कर रहे थे। कृषि फीडर में बिजली कम रहने के कारण किसानों को खेत की सिंचाई करने में काफी परेशानी हो रही थी। किसान परेशान थे। परंतु हथिया नक्षत्र के चढ़ते ही इंद्र भगवान किसानों पर मेहरबान हो गये। हथिया नक्षत्र मे बारिश की शुरुआत हुई। तेज और मूसलाधार बारिश से पानी पानी हो गया पूरा प्रदेश। हालांकि राजधानी पटना में मूसलाधार बारिश नहीं हुई है पर पटना के सटे भोजपुर, रोहतास समेत अन्य जिलों मे तेज और मूसलाधार बारिश हुई है। पटना के गांधी मैदान और आरा के रमना मैदान सहित अन्य मैदानों मे भी जलजमाव हो गया है। भोजपुर जिला के शाहपुर और उसके आसपास के क्षेत्र मे हुए मूसलाधार बारिश से जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हथिया नक्षत्र मे बीती रात बिजली की कङकङाहत और तेज गर्जन के साथ हुई जोरदार बारिश से चारो तरफ जल जमाव हो गया है।

प्रखंड परिसर, थाना परिसर सहित अन्य जगहों पर पानी भरा हुआ है। जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। भारी बारिश और जल जमाव के कारण चारो तरफ बाढ़ जैसा नजारा दिख रहा है। बीती रात बिजली आपूर्ति बाधित हो जाने से चारों तरफ अंधेरा पसर गया। लगभग 12 घंटों के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। घरों में लगे पानी की टंकी भी खाली रही। लोग पीने के पानी के लिए तरसते रहे। चापाकल वालों की चांदी रही। उन्हें पानी की दिक्कत महसूस नहीं हुई। डिस्चार्ज हो जाने के कारण मोबाइल भी बंद हो गये। शाहपुर-बनाही रोड पर शाहपुर थाना के से लेकर आगे तक तथा प्रखंड परिसर मे जल जमाव का नजारा दिख रहा है। सहजौली स्थित बाबा कुंज नाथ मंदिर का रास्ता भी जल जमाव के चपेट मे है। कई बुजुर्गों ने बताया कि पिछले 50 वर्षों में ऐसी कड़क और गर्जन के साथ जोरदार बारिश नहीं देखी गई थी। हथिया नक्षत्र ने अपना पुराना रूप दिखाया है। तेज बारिश के कारण सूहिया और बहोरनपुर को जोड़ने वाला नव निर्मित सड़क सूहियाॅ भागड़ के समीप बारिश मे बह गया।

सड़क पर सुहिया भागङ के समीप बने पुलिया के दोनों तरफ का संपर्क पथ बारिश के कारण धंस गया। जिससे आवागमन बाधित हो गया है। बताया जाता है कि यह सड़क चार महीने पहले ही बनाई गई थी। बहोरनपुर पंचायत के बुझा राय का डेरा, धमवल तथा हिरखी पीपरा समेत अन्य गाँवों को जोड़ने वाले इस सड़क पर आवागमन बाधित हो गया है। पुलिया के दोनों तरफ पानी होने के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण घटिया स्तर का होने के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। उक्त सड़क मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत सूहियाॅ पंचायत के होरिल छपरा गाँव होते हुए बहोरनपुर पंचायत के बुझा राय का डेरा तक बनाया गया था।
