आमजनों की भागीदारी से विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू।
RKTV NEWS/देवघर (झारखंड)02 अक्टूबर।आज जिले में आदि कर्मयोगी अभियान कार्यक्रम के तहत सभी दस प्रखंडों के पंचायतों में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। साथ ही ग्राम सभा के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विशेष रूप से ग्रामीण आजीविका, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, स्वच्छता, पोषण और किसान कल्याण जैसी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। उपस्थित अधिकारियों ने योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में भी ग्रामीणों को बताया तथा विकास कार्यों की समीक्षा भी की गई। ग्रामीणों को उनकी सहभागिता से विकास को गति देने का संदेश दिया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत स्तर पर जन-जागरूकता, पारदर्शिता एवं ग्राम विकास की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना है। इस अवसर पर ग्रामीणों की समस्याओं और सुझावों को भी सुना गया, जिसमें ग्रामीणों की समस्याओं और विकास योजनाओं पर चर्चा की गई।
इसके अलावा प्रखंडों के पदाधिकारियों ने कहा कि ग्राम सभाएँ लोकतंत्र की जड़ हैं। इनके माध्यम से जनता की भागीदारी से विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकता है। ग्रामवासियों ने भी इस पहल का स्वागत किया और इसे गांवों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सशक्त कदम बताया। ज्ञातव्य हो कि आदि कर्मयोगी की कार्यक्रम के तहत जिले में कुल 112 गांव में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वही शेष बचे गांवों में कल कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा।

