आए दिन घट रही चोरी की घटनाओं से कॉलोनी वासियों में भय का माहौल।
हाउसिंग कॉलोनी(चंदवा ) में आए दिन घट रही चोरी की घटनाओं को ले नवादा थाना और पुलिस अधीक्षक से मिल प्रतिनिधिमंडल ने दिया आवेदन।
RKTV NEWS/आरा (भोजपुर)27 सितंबर।बिहार राज्य आवास बोर्ड के अंतर्गत चंदवा हाउसिंग कॉलोनी (वार्ड संख्या-14, आरा) में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था की गिरती स्थिति को लेकर नागरिकों में गहरा आक्रोश है। इसी संदर्भ में, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सदस्य एवं बिहार राज आवास बोर्ड आवंटी संघ के अध्यक्ष धीरेंद्र प्रसाद सिंह तथा सेवानिवृत्त डीएसपी दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नवादा थाना प्रभारी एवं भोजपुर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कॉलोनी में रात्रि गश्त बढ़ाने, पुलिस बल की स्थायी तैनाती, एवं चोरी पर तत्काल अंकुश लगाने की लिखित मांग की। पुलिस अधीक्षक ने शीघ्र ही रात्रि गश्त एवं पुलिस तैनाती का आश्वासन दिया। गौरतलब है कि यह कॉलोनी वार्ड 14 के अंतिम छोर पर स्थित है, जहाँ करीब 500 से अधिक परिवार निवास करते हैं। विगत कुछ महीनों से यहां बार-बार घरों में सेंधमारी की घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
धीरेंद्र प्रसाद सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया की सिर्फ सुरक्षा ही नहीं, कॉलोनी में अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी भारी कमी है: सड़कें जर्जर अवस्था में हैं, पिछले 40 वर्षों में पीने के पानी की आपूर्ति नहीं की गई, निर्माण काल में सीमेंट चोरी के चलते अधिकांश मकान आज खस्ताहाल हो चुके हैं और नगर निगम या हाउसिंग बोर्ड द्वारा कोई ठोस सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है। स्थिति से क्षुब्ध नागरिकों ने हाउसिंग बोर्ड पटना को चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन की राह पकड़ेंगे। इसी संबंध में अगले सप्ताह आवासधारकों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है, जिसमें आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।

