
RKTV NEWS/चतरा (झारखंड)21 सितंबर।जिले में खेलों के प्रति उत्साह और प्रतिभा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेलो झारखंड 2025-26 अन्तर्गत आठ दिवसीय जिला स्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, चतरा में भव्य रूप से किया गया। यह प्रतियोगिता 20 से 27 सितंबर 2025 तक आयोजित की जाएगी और जिले के सभी प्रखण्डों के चयनित प्रतिभागियों में प्रतिस्पर्धा की भावना का संचार करेगी।
प्रतियोगिता के पहले दिन कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और गुब्बारा उड़ाकर की गई, जिससे प्रतियोगिता का शुभारंभ सजीव और उत्साहपूर्ण बना। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सांसद कालीचरण सिंह उपस्थित रहे।
विशेष अतिथि के रूप में सिमरिया विधानसभा विधायक उज्ज्वल दास, उपायुक्त कीर्तिश्री, पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल, जिला परिषद अध्यक्षा ममता कुमारी, उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा,जिला शिक्षा अधीक्षक रामजी कुमार, चतरा जिला ओलंपिक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष चन्द्रेश शर्मा, सचिव राकेश कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष एवं मुख्य तकनीकी पदाधिकारी जितेन्द्र चन्द्रवंशी सहित अन्य अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि चतरा लोकसभा क्षेत्र सांसद कालीचरण सिंह ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक गतिविधि नहीं हैं, बल्कि यह खिलाड़ियों में अनुशासन, साहस, मानसिक दृढ़ता और एकाग्रता का विकास करता है। उन्होंने प्रतियोगियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से न केवल जिले, राज्य और देश का नाम रौशन किया जा सकता है, बल्कि यह बच्चों और युवाओं में नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास भी करता है।
सिमरिया विधानसभा विधायक उज्ज्वल दास ने अपने संबोधन में कहा कि जिले में खेलों का आयोजन युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि खेलों से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य सुधरता है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को अपनी पूरी क्षमता के साथ प्रतिस्पर्धा करने और जिले का नाम रौशन करने का आह्वान किया।
उपायुक्त कीर्तिश्री ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। यह तनाव और चिंता से मुक्ति दिलाने के साथ-साथ खिलाड़ियों के मानसिक और शारीरिक विकास में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से खेल खेलने से एक व्यक्ति का मानसिक कौशल, प्रेरणा, साहस, अनुशासन और एकाग्रता बेहतर होती है।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों को अपने क्षेत्र और जिले का नाम रौशन करने के लिए बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दी।
प्रतियोगिता के पहले दिन एथलेटिक्स अंडर-14 बालक एवं बालिका, वॉलीबॉल अंडर-17 बालक एवं बालिका, और वॉलीबॉल अंडर-19 बालक एवं बालिका की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में बच्चों ने जोश और उत्साह के साथ भाग लिया और दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतिभागियों की तैयारी और उनके प्रदर्शन ने आयोजकों और अधिकारियों को अत्यंत संतुष्ट किया।
इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखण्डों से चयनित प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिताओं में मुख्य रूप से एथलेटिक्स (3000 मीटर, 1500 मीटर, 800 मीटर, 600 मीटर, 400 मीटर, 200 मीटर, 100 मीटर), भाला फेंक, गोला फेंक, चक्का फेंक, 4100 एवं 4400 रिले रेस, ऊँची कूद, लंबी कूद, वॉलीबॉल, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी आदि शामिल हैं। प्रतियोगिता जिला ओलंपिक संघ के दिशा-निर्देशों के तहत संचालित की जा रही है, ताकि प्रतिभागियों को उचित मंच मिल सके और वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधीक्षक रामजी कुमार ने भी उपस्थित बच्चों का उत्साहवर्धन किया और खेलों के माध्यम से शिक्षा और शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि खेलों में भाग लेने से छात्रों में आत्मविश्वास और अनुशासन का विकास होता है।
प्रतिभागियों, शिक्षकों और अधिकारियों ने इस आयोजन की सराहना की और इसे जिले में खेलों के प्रति युवाओं में रुचि बढ़ाने वाली एक महत्वपूर्ण पहल बताया। आयोजक समिति ने इस प्रतियोगिता के दौरान सभी प्रतियोगियों की सुरक्षा, सुविधा और आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा है।
