
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)29 अगस्त।भारत सरकार, एमएसएमई मंत्रालय, शाखा एमएसएमई-विकास कार्यालय, धनबाद द्वारा खरीद एवं विपणन सहायता योजना (PMS Scheme) के तहत एक दिवसीय निर्यात संवर्द्धन एवं जेम (GeM) पर राष्ट्रीय स्तर की संगोष्ठी (नेशनल सेमिनार) का आयोजन आज इंडोर स्टेडियम दुमका में किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय द्वारा एमएसएमई इकाईयों को निर्यात संवर्द्धन, जेम (GeM) नए बाजार सृजन, राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजार में नवीनतम चलन,निर्यात की प्रक्रिया, निर्यात संबंधित दस्तावेजीकरण जेम रजिस्ट्रेशन प्रोसेस और डॉक्यूमेंशन इत्यादि के बारे में वृहद रुप से जानकारी देना एवं जागरुक करना है।
इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि अभिजीत सिन्हा उपायुक्त, दुमका द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि एवं सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत कार्यक्रम के संयोजक दीपक कुमार, I.E.D.S सहायक निदेशक प्रभारी, शाखा-एमएसएमई-विकास कार्यालय, धनबाद द्वारा किया गया।
इंद्रजीत यादव,आई.ई.डी.एस.,संयुक्त निदेशक एवं कार्यालय प्रमुख,एमएसएमई-विकास कार्यालय, राँची ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं रूप–रेखा से अवगत कराया तथा सभी प्रतिभागी उद्यमियों से इस संगोष्ठी में शामिल हो रहे डाक घर निर्यात केंद्र, दुमका एवं फियो (FIEO, Kolkata) के अधिकारियों से निर्यात की प्रक्रिया एवं दस्तावेजीकरण संबंधित अनुभव का लाभ लेने की अपील की जिससे वे अपने उत्पादों का निर्यात विदेशों में कर सकें एवं अपने उद्यमों का विकास सुनिश्चित कर सकें। साथ ही उन्होंने विशेषकर जेम (GeM) के विशेषज्ञों को ज्यादा ध्यान देकर सुनने एवं सीखने की बात कही जिससे वे सरकारी खरीद के ज्यादा से ज्यादा हिस्से के आपूर्तिकर्ता बन सके।
विशिष्ट अतिथि नरेश बारा, असिस्टेंट डाक अधीक्षक, दुमका सर्कल ने डाक घर निर्यात केंद्र की गतिविधियों एवं निर्यात को बढ़ाने में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दिया। उन्होंने इस स्तर के कार्यक्रमों के आयोजन को वर्तमान समय में निर्यात संवर्द्धन हेतु अत्यंत आवश्यक बताया।
विशिष्ट अतिथि आशुतोष कुमार सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक, इंडियन बैंक ने बैंक द्वारा एमएसएमी उद्यमियों को दी जा रही ऋण सुविधाओं की जानकारी दिया।दास कुमार एक्का, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र, दुमका ने सभी उद्यमियों को झारखंड सरकार द्वारा एमएसएमई उद्यमियों के विकास के लिए उपलब्ध योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
के एन सिंह, उपाध्यक्ष, लघु उद्योग भारती एवं मनोज कुमार घोष, महासचिव, एफ.सी.सी.आई, दुमका ने अपने वक्तव्य में कहा कि झारखंड में निर्यात की प्रचुर संभावना है, इस सेमिनार से झारखंड के उद्यमियों को बहुत लाभ होगा।उन्होंने सेमिनार में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को इस संगोष्ठी में आए विशेषज्ञों के ज्ञान का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया तथा आशा किया कि इससे दुमका जिले के उद्योगों का विकास होगा जो सामुहिक रूप से झारखंड एवं देश के समग्र विकास में सहयोग करेगा।
मुख्य अतिथि उपायुक्त, दुमका अभिजीत सिन्हा ने कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में अपने अभिभाषण में कहा कि इस तरह के कार्यक्रम उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए समय की मांग है। इससे सभी वर्ग के एमएसएमई उद्यमियों को व्यापार जगत में आ रहे बदलाव की अद्यतन जानकारी प्राप्त हो सकेगी तथा वे अपने उत्पादों को निर्यात के माध्यम से ऩए विदेशी बाजारों तक पहुंचा कर अपने उद्यमों का बेहतर विकास कर सकेंगे। उन्होंने सभी एमएसएमई प्रतिभागियों को झारखंड सरकार की तरफ से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी बताया कि झारखंड सरकार की तरफ से शीघ्र ही नई एमएसएमई पॉलिसी लाई जा रही है। इस प्रकार के संगोष्ठी के आयोजन के लिए भारत सरकार के शाखा एमएसएमई- विकास कार्यालय,धनबाद को बधाई दी।
सुजीत कुमार, I.E.D.S सहायक निदेशक, एमएसएमई-विकास कार्यालय, धनबाद ने कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र की समाप्ति पर सभा में उपस्थित सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापन किया।तत्पश्चात तकनीकी सत्र में फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन ‘फियो’ (FIEO), पूर्वी क्षेत्र कार्यालय, कोलकाता से आए विशेषज्ञ रिचर्ड सरकार, मैनेजमेंट एक्जीक्यूटीव ने अपना अनुभव एवं कौशल सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यमियों के साथ साझा किया।उन्होंने प्रतिभागी उद्यमियों को निर्यात संवर्द्धन, निर्यात की प्रक्रिया, निर्यात संबंधित दस्तावेजीकरण इत्यादि के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दिया।
डाक घर निर्यात केंद्र, दुमका सर्कल के अधिकारियों एवं जेम (GeM) के झारखंड राज्य के फेसिलिटेटर, श्री सुबोध कान्त ने अपना अनुभव एवं कौशल सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यमियों के साथ साझा किया एवं जेम पोर्टल पर पंजीकरण के बारे में विस्तृत चर्चा किया।एमएसएमई – विकास कार्यालय, रांची से आए गौरव, सहायक निदेशक ने प्रतिभागियों को पीएमएस स्कीम एवं पब्लिक प्रोक्योरमेंट पॉलिसी के बारे में विस्तार से पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से समझाया। इस संगोष्ठी में झारखंड राज्य के उद्योग संघों, चैम्बर्स एवं दुमका जिले एवं आसपास के जिलों के लगभग 150 से ज्यादा प्रतिभागी उद्यमियोंने विशेषज्ञ अधिकारियों से सीधे वार्तालाप करके अपनी शंकाओं का समाधान किया तथा निर्यात संवर्द्धन एवं जेम (GeM) से संबंधित जानकारी को प्राप्त किया।
