
भोपाल/मध्यप्रदेश,23 मई।बिहारी लाल सोनी “अनुज” की पुस्तक का लोकार्पण आज दुष्यंत सभागार में डॉक्टर देवेंद्र दीपक की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। जिसमें मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी के निदेशक डॉक्टर विकास दवे, मुख्य अतिथि और तुलसी साहित्य अकादमी के निदेशक डॉक्टर मोहन तिवारी आनंद, सारस्वत अतिथि के रूप में, वरिष्ठ साहित्यकार गोकुल सोनी समीक्षक के रूप में एवम कांता रॉय,निदेशक लघुकथा शोध केंद्र की निदेशक भी मंचासीन रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन विमल भंडारी ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए साहित्यकार सुरेश पटवा ने उपस्थित प्रबुद्ध साहित्य अनुरागियों का स्वागत मोहक अन्दाज़ में किया।
लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन भारतीय साहित्य एवं कला परिषद भोपाल के तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस अवसर पर डॉक्टर देवेंद्र दीपक ने कहा कि कहानी संग्रह में भारतीय परिवेश में पिरोई सकारात्मक कहानियाँ हैं। भारतीय लेखक वह है जो भारतीय मूल्यों को सामने रखकर सृजन करता है। वह चाहे भारत में रहे या विदेश में।डॉक्टर विकास दवे ने बताया कि कहानियों में भारतीय जीवन मूल्यों का निखार तत्व दिखता है। जो कि अनुज जी के व्यक्तित्व से मेल खाता दिखता है। ये भारतीय परिवार में निभते आत्मीय संबंधों की कहानियाँ हैं।डॉक्टर मोहन तिवारी आनंद ने बिहारी लाल जी भोपाल में अत्यंत लोकप्रिय साहित्यकार हैं। ये मूलतः कवि हैं परंतु इनका कहानी संग्रह लाना चौंकाने वाली बात है। श्री सोनी संस्था के स्थापना दिवस पर प्रतिवर्ष कविता भंडारा अपने निवास पर आयोजित करते हैं, जिसमें स्थानीय और आसपास के ज़िलों से कवि आते जाते हैं और कविताएँ सुनाते जाते हैं।
श्री गोकुल सोनी जी ने पुस्तक की समीक्षा प्रस्तुत करते हुए कहा कि पुस्तक में समाहित सत्रह कहानियाँ पारिवारिक रिश्तों की मृदुता, चुनौती और संघर्ष की दास्तान भारतीय परिवेश में कहती हैं। ये कहानियाँ पाठक को प्रेमचंद युग की याद दिलाती हैं। लघुकथा शोध केंद्र की निदेशक कांता रॉय ने सन्निहित कहानियों को परिवार की खुरदरी ज़मीन पर पल्लवित पुष्प निरूपित किया।
जिनके पात्र घबराकर पलायन नहीं करते। अंत तक संघर्ष करते हैं।
बिहारी लाल सोनी “अनुज” ने इस अवसर पर पुस्तक सृजन से जुड़े संस्मरण साझा किए। उन्होंने संस्था का संक्षिप्त परिचय दिया। घनश्याम मैथिल ने कार्यक्रम में उपस्थित मंचासीन विभूतियों एवं साहित्य रसिकों का आभार प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्यकारों ने अपनी उपस्थिति दी।

1 comment
बहुत-बहुत हार्दिक शुभकामनाएं बिहारी लाल सोनी “अनुज” जी को बड़े घर की बेटी कहानी संग्रह प्रकाशन पर
https://www.youtube.com/watch?v=rBobqsxQ4nM