
खैरागढ़/छत्तीसगढ़ (रवींद्र पांडेय) 12 अगस्त। पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर में कल आयोजित डिजिटल मेंटल हेल्थ कार्यशाला में इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डाॅ. लवली शर्मा शामिल हुईं। कार्यशाला का शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका ने किया। इस दौरान प्रदेश के अन्य विश्वविद्यालयों के कुलपति भी शामिल हुए। कार्यशाला के मुख्य वक्ता डाॅ. अमरेश श्रीवास्तव इमरेट्स प्रोफेसर, वेस्टर्न यूनिवर्सिटी कनाडा, संस्थापक संचालक मानसिक शक्ति फाउंडेशन मुंबई थे। उन्होंने डिजिटल माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी प्रदान की। मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि आज अधिकतर लोग मोबाइल और इंटरनेट में व्यस्त रहते हैं। आपसी संवाद व भावनात्मक जुड़ाव कम होता जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि मानसिक दबाव न हो इसके लिए वे अपनी क्षमता के अनुरूप अपने करियर का चुनाव करें और अनावश्यक प्रतिस्पर्धा से बचें।
विश्वविद्यालय के विभिन्न विषयों पर राज्यपाल से हुई सार्थक चर्चा
कार्यक्रम के पश्चात कुलपति प्रो. डाॅ. लवली शर्मा ने राज्यपाल से इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के विभिन्न विषयों को लेकर सार्थक चर्चा की। इस दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय में रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती के संबंध चर्चा की। साथ ही राज्यपाल से विश्वविद्यालय के उपयोग हेतु ‘बस’ की मांग तथा विश्वविद्यालय के विभिन्न भवनों की मरम्मत हेतु 5 करोड़ रुपए की मांग की थी, जिसके संबंध में भी चर्चा की गई। इस दौरान राज्यपाल ने इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में आर्किटेक्चर (वास्तुकला) विषय प्रारंभ करने के संबंध में सुझाव दिया।
