
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 23 जुलाई। उफनती गंगा नदी से हो रहे कटाव को लेकर राजद विधायक ने एनडीए सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। शाहपुर विधान सभा क्षेत्र के राजद विधायक राहुल तिवारी उर्फ मंटू तिवारी ने जवइनिया गाँव मे गंगा नदी से हो रहे कटाव के लिए एनडीए सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। विधायक राहुल तिवारी उर्फ मंटू तिवारी ने कहा कि उन्होंने वर्ष 2019 से ही दामोदरपुर पंचायत के सभी गाँव की ओर गंगा के कटाव को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया था।

उन्होंने मुख्य मंत्री नीतीश कुमार को लिखे गए पत्र तथा विधान सभा मे जवइनिया गाँव मे कटाव को लेकर किए गए तारांकित प्रश्न और सरकार से मिले जवाब के पत्र को सार्वजनिक करते हुए कटाव के लिए एनडीए सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। विधायक राहुल तिवारी ने अपने पत्रांक शून्य दिनांक 8/11/19 के माध्यम से सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर सूचित किया था कि भोजपुर जिला के शाहपुर प्रखंड के अंतर्गत दामोदरपुर पंचायत के सभी गाँव मे गंगा नदी से कटाव हो रहा है। उक्त पंचायत में अधिकांश दलित एवं पिछड़े वर्ग के ही लोग रहते हैं। कटाव के कारण वहाँ की जनता काफी चिंतित है। उन्होंने उक्त पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री से सादर अनुरोध किया था कि उपरोक्त पंचायत के सभी गाँवों को गंगा नदी के कटाव से रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई हेतू आदेश करें।

विधायक राहुल तिवारी के इस पत्र के जवाब मे मुख्यमंत्री सचिवालय के तत्कालीन संयुक्त सचिव राकेश कुमार ने पत्र संख्या 5541732 दिनांक 14/11/19 के माध्यम से सूचित किया कि मुख्यमंत्री जी को संबोधित आपके पत्र को इस सचिवालय के संदर्भ संख्या 000051311190908 से जल संसाधन विभाग के ई-मेल पर एवं पुनः पत्रांक 5541731 दिनांक 14/11/19 द्वारा सचिव, जल संसाधन विभाग, बिहार, पटना को यथोचित कार्रवाई हेतू भेज दिया गया है। इसके बावजूद भी स्थिति यथावत रही। विधायक राहुल तिवारी उर्फ मंटू तिवारी ने कहा कि 20 साल से नौरंगा में कटाव हो रहा है। विधायक राहुल तिवारी ने जवइनिया गाँव मे कटाव को लेकर विधान सभा में प्रश्न संख्या 1298 के द्वारा मंत्री, जल संसाधन विभाग से वर्ष 2023 में प्रश्न किया था। जवाब में सरकार की ओर से लिखित रूप से बताया गया कि भोजपुर जिला के शाहपुर प्रखंड के दामोदरपुर पंचायत के अंतर्गत ग्राम जवनिया में गंगा नदी के किनारे वर्तमान मे कोई कटाव परिलक्षित नहीं हो रहा है। बाढ़ अवधि 2023 में कटाव परिलक्षित होने पर उसे बाढ़ संघर्षात्मक कार्य करा कर सुरक्षित कर लिया जायेगा। जबकि वर्ष 2024 में आये बाढ़ में जवइनिया गाँव में कटाव से 64 घर गंगा में विलीन हो गये। 2025 के बाढ़ में जवइनिया मे गंगा का कटाव जारी है और अनेकों घर गंगा में समा गए हैं। विधायक राहुल तिवारी ने जोर देकर कहा कि विधायक बनने के बाद से ही मैंने कटाव रोकने के लिए अथक प्रयास और अपने धर्म का पालन किया है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार द्वारा गंगा नदी की तेज धारा से कटाव को रोकने के लिए आवश्यक कदम नहीं उठाये जाने से जवइनिया गाँव की आज यह दुर्दशा है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में जवइनिया गाँव के 59 कटाव पीड़ित लोगों को नया मकान बनाने के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की राशि तथा 30 भूमिहीन लोगों को जमीन का पर्चा एवं 1 लाख 20 हजार रुपये की राशि दिलवाने में मेरी मुख्य भूमिका रही है। इसके लिए मैंने हर सक्षम संस्था व व्यक्ति से मिलकर सक्रिय पहल तथा पत्राचार सहित आवश्यक कार्य किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान मे हो रहे कटाव से पीड़ित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर रखने, सामान ढोने के लिए वाहन की व्यवस्था कराने, पॉलिथीन शीट, लंगर, पानी सहित अन्य आवश्यक सुविधा दिलाने के लिए मैं जिला प्रशासन तथा उच्च अधिकारियों से व्यक्तिगत पहल तथा प्रयास कर रहा हूँ।
