RK TV News
खबरें
Breaking Newsराष्ट्रीय

प्रधानमंत्री ने अर्जेंटीना के राष्ट्रपति हावियर मीलेई से मुलाकात की।

RKTV NEWS/नई दिल्ली 06 जुलाई।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज अर्जेंटीना के राष्ट्रपति महामहिम हावियर मीलेई से मुलाकात की। कासा रोसाडा पहुंचने पर राष्ट्रपति मीलेई ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कल ब्यूनस आयर्स पहुंचने पर प्रधानमंत्री का औपचारिक स्वागत किया गया। यह यात्रा इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह 57 वर्षों के अंतराल के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की अर्जेंटीना की पहली द्विपक्षीय यात्रा है। यह भारत-अर्जेंटीना संबंधों के लिए महत्वपूर्ण वर्ष है क्योंकि दोनों देश राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहे हैं। प्रधानमंत्री ने अपने और अपने प्रतिनिधिमंडल के शानदार आतिथ्य के लिए राष्ट्रपति मीलेई को धन्यवाद दिया।
दोनों नेताओं ने सीमित और प्रतिनिधिमंडल स्तर के प्रारूपों में मुलाकात की। उन्होंने व्यापक चर्चा की और द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने महत्वपूर्ण खनिजों, तेल और गैस, रक्षा, परमाणु ऊर्जा, कृषि, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, कृषि में ड्रोन के उपयोग, मत्स्य पालन और बिजली पारेषण लाइनों की निगरानी, आईसीटी, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, यूपीआई, अंतरिक्ष, रेलवे, फार्मा, खेल और लोगों के बीच संबंधों के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया। नेताओं ने वर्तमान आर्थिक सहयोग का जायजा लिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि द्विपक्षीय व्यापार स्थिर गति से आगे बढ़ रहा है, लेकिन दोनों पक्षों को वाणिज्यिक सहयोग की पूरी क्षमता का दोहन करने के लिए व्यापार क्षेत्र में विविधता लाने पर काम करने की जरूरत है। इस संदर्भ में, उन्होंने भारत-मर्कोसुर अधिमान्य व्यापार समझौते के विस्तार पर भी चर्चा की।
प्रधानमंत्री ने पहलगाम में हुए बर्बर आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करने के लिए राष्ट्रपति मीलेई को धन्यवाद दिया और आतंकवाद से लड़ाई में भारत के प्रति अर्जेंटीना की एकजुटता की सराहना की। दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि आतंकवाद मानवता के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने इस खतरे से वैश्विक लड़ाई को मजबूत करने की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
दोनों नेताओं ने रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करना जारी रखने पर सहमति प्रकट की। उन्होंने वैश्विक दक्षिण की चिंताओं को अधिक से अधिक आवाज देने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने अपनी यात्रा के समापन से पहले ब्यूनस आयर्स में महात्मा गांधी और रवींद्रनाथ टैगोर की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की।
राष्ट्रपति मीलेई ने अर्जेंटीना की ऐतिहासिक यात्रा के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति मीलेई को पारस्परिक रूप से सुविधाजनक समय पर भारत आने का निमंत्रण दिया।

Related posts

भोजपुर:अंग्रेजी नववर्ष पर वैदिक हवन यज्ञ ध्वजारोहण सह सत्संग आयोजित।

rktvnews

शिक्षा और स्वास्थ्य का व्यवसायीकरण कभी समाज के हित में नहीं – उपराष्ट्रपति

rktvnews

चतरा:पुलिस अधीक्षक व अपर समाहर्त्ता के द्वारा राजस्व संग्रहण, अंचल, नीलाम पत्र, निबंधन एवं अवैध उत्खनन की रोकथाम को लेकर बैठक की गई।

rktvnews

राष्ट्रीय बालिका दिवस बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तत्वाधान में जिला स्तरीय अंडर 17 कबड्डी एवं फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन।

rktvnews

भोपाल:पत्र लेखन अपने समकाल का जीवंत दस्तावेज होता है, साहित्यकार पत्र लेखन विधा को पुर्नजीवित करें: विजय कुमार तिवारी (भुवनेश्वर)

rktvnews

वेक्टर एक्स बना आईएसबीए वीमेंस ब्लाइंड फुटबॉल वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 का आधिकारिक एथलीट किट पार्टनर।

rktvnews

Leave a Comment