
RKTV NEWS/पटना (बिहार)01 जुलाई।बिहार में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (Special Intensive Revision – SIR) 2025 के अंतर्गत राज्य भर में गणना प्रपत्र के वितरण एवं संकलन को सुदृढ़ और व्यापक बनाने हेतु कुल 2,25,590 प्रशासनिक स्टाफ एवं स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। इनमें से 81,753 प्रशासनिक कर्मी तथा 1,43,837 स्वयंसेवक शामिल हैं। सभी 38 जिलों में बूथ स्तर पर मतदाता सूची से संबंधित घर-घर सर्वेक्षण कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि सभी जिलों में जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशन में बूथ स्तर पर कार्य कर रहे बीएलओ को प्रशिक्षण दिया गया है। सभी स्वयंसेवक बीएलओ को गणना पत्र के वितरण, संग्रहण के साथ मतदाताओं को गणना प्रपत्र को भरने में भी वांछित सहायता देंगे।
इनकी निगरानी के लिए पर्यवेक्षकों और सेक्टर अधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल की सभी नागरिकों से अपील है कि वे बीएलओ एवं स्वयंसेवकों के साथ सहयोग करें, गणना प्रपत्र भरें और विशेष गहन अभियान को सफल बनाने में सक्रिय रुप से भागीदारी निभाएं।
उल्लेखनीय है कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में 77895 मतदान केन्द्र पदाधिकारियों के अलावा भारत निर्वाचन आयोग के निदेश के आलोक में नये मतदान केन्द्रों के लिए 20,603 अतिरिक्त मतदान केन्द्र पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जा रही है। इसके अलावा 2,25,590 स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति सभी जिलों में की गई है।
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में बिहार के सभी राजनीतिक दल सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। अब तक 1.5 लाख से अधिक बूथ लेवल एजेंट्स (BLAs) की नियुक्ति की जा चुकी है, जो प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाता सूची के सत्यापन में निर्वाचन मशीनरी के साथ लगे हुए हैं। सभी राजनीतिक दल लगातार और अधिक बीएलए नियुक्त कर रहे हैं ताकि मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित हो सके।
भारत निर्वाचन आयोग ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को सलाह दी है कि वे समय रहते प्रत्येक मतदान केंद्र पर अपने बीएलए नियुक्त करें ताकि बाद में मतदाता सूची में त्रुटियों की शिकायत करने की आवश्यकता ही न पडे। आयोग का स्पष्ट मत है कि सही समय पर सहभागिता से ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी रह सकती है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की नियमित गतिविधियों को देखने के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के फेसबुक, ट्विटर एवं इंस्टाग्राम हैंडल को फॉलो किया जा सकता है।
इसके साथ ही भारत निर्वाचन आयोग के सोशल मीडिया हैंडल्स में भी सभी अपडेट जा रहे हैं। मतदाताओं द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से संबंधित किसी भी जानकारी एवं अन्य सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाईन नंबर-1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
