मुख्यमंत्री के महिला संवाद समीक्षा कार्यक्रम को दीदियों ने किया वर्चुअली अवलोकन।

लखीसराय जिले की अनमोल जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ की अध्यक्ष उर्मिला देवी समीक्षा संवाद में हुई शामिल।
RKTV NEWS/लखीसराय(बिहार)21 जून।राज्य में महिला सशक्तीकरण की झलक फिर से एक बार दिखी । जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिला संवाद के दौरान महिलाओं की कई आकांक्षाओं और मांगों को पूरा करने की घोषणा की। जिसमें सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन की राशि चार सौ रुपए से बढ़ाकर ग्यारह सौ रुपये की गई है, स्वयं सहायता समूह द्वारा जीविका दीदियों को दिए जाने वाले ऋण पर ब्याज दर को बारह प्रतिशत से घटाकर सात प्रतिशत करने की घोषणा हुई है, जीविका से संबद्ध सभी जीविका कैडर की मानदेय राशि में वृद्धि की जाएगी, दीदी की रसोई को सभी सरकारी विभागों तक विस्तारित किया जाएगा, राज्य के सभी पंचायत में सामुदायिक विवाह भवन का निर्माण होगा, सतत जीविकोपार्जन योजना सभी वर्गों के अति गरीब परिवारों तक किया जाएगा ।
ये घोषणाएं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम की समीक्षात्मक बैठक में की । इस कार्यक्रम से पूरे राज्य से आई जीविका से संबद्ध संकुल स्तरीय संघ से जुड़ी जीविका दीदियां भी मौजूद थी । गौरतलब है कि इससे पूर्व भी एक कार्यक्रम में जीविका दीदियों की मांग पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में शराबबंदी की घोषणा की थी।
पुनः एक बार जीविका दीदियों और गांव की अन्य महिलाओं की आकांक्षाओं एवं मांगों को मुख्यमंत्री ने पूरा करने की घोषणा कर राज्य में महिला सशक्तिकरण को एक बड़ा आधार दिया है और यह संदेश भी दिया है कि महिला सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन से ही राज्य का विकास जुड़ा है।
महिला संवाद कार्यक्रम महिलाओं के स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण के लिए राज्य में चलाए जा रहे विभिन्न योजनाओं के आकलन एवं अन्य इच्छाओं , आकांक्षाओं एवं सुविधाओं में विस्तार तथा ग्रामीण महिलाओं से सलाह एवं सुझाव हेतु राज्य सरकार के निर्देश पर ग्रामीण विकास विभाग के तत्वाधान में जीविका द्वारा उसके ग्राम संगठनों ने 18 अप्रैल से 20 जून तक आयोजित किया गया था। महिला संवाद के समापन के बाद उसकी समीक्षा की गई और उपर्युक्त घोषणाएं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की ।
पटना के देशरत्न मार्ग स्थित संवाद में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम की समीक्षात्मक बैठक को अन्य जिलों में भी जीविका दीदियों ने वर्चुअली देखा और मुख्यमंत्री की घोषणा से हर्षित हुई।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संकुल स्तरीय संघ की लीडर दीदियों से वर्चुअल संवाद भी किया और महिला संवाद के आयोजन को लेकर फीडबैक लिया । महिला संवाद कार्यक्रम की समीक्षात्मक बैठक का मुख्य उद्देश्य महिला संवाद कार्यक्रम के दौरान आई ग्रामीण महिलाओं और जीविका दीदियों की आकांक्षाओं को समझना और उनके आधार पर ठोस नीतिगत निर्णय लेना था।
लखीसराय जिला से भी अनमोल जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ की अध्यक्ष उर्मिला देवी भी पटना में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम की समीक्षात्मक बैठक में शामिल हुई ।
इसके अलावा जिला समाहरणालय , लखीसराय में भी जीविका से संबद्ध सत्रह संकुल स्तरीय संघ की लीडर ने वर्चुअली संवाद कार्यक्रम की समीक्षात्मक बैठक में शिरकत की और मुख्यमंत्री की घोषणा से खुशी जाहिर की और उन्हें धन्यवाद दिया । लक्ष्य जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ की अध्यक्ष पिंकी देवी ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि हमारी इच्छाएं एवं आकांक्षाएं इतनी जल्दी पूरी करने के लिए हम सभी मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद ज्ञापित करते हैं। पिंकी देवी ने कहा कि महिला संवाद का आयोजन सफल रहा । समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में मिथिलेश मिश्रा, जिला पदाधिकारी , उप विकास आयुक्त, निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण एवं जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका, लखीसराय समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

