
RKTV NEWS/आरा (भोजपुर)06 जून।आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी भोजपुर तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचक सूची के सतत अद्यतीकरण, आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 एवं निर्वाचन से जुड़े अन्य विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा निम्न निर्देश दिए गए:
1. सतत अद्यतीकरण के दौरान सभी योग्य नागरिकों का निर्वाचक सूची में पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मृत, दोहरी प्रविष्टि एवं स्थायी रूप से स्थानांतरित निर्वाचकों का विलोपन नियमानुसार किया जाए।
2. निर्वाचक सूची में मृत एवं दोहरी प्रविष्टियों के शुद्धिकरण हेतु सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
3. आरा (194) एवं शाहपुर (198) विधानसभा क्षेत्रों में महिला लिंगानुपात में अपेक्षित वृद्धि के लिए सभी योग्य महिलाओं का नाम निर्वाचक सूची में जोड़ने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।
4. 18–19 एवं 20–29 आयु वर्ग के सभी योग्य युवा मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
5. 90 वर्ष एवं 100 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं का बीएलओ के माध्यम से भौतिक सत्यापन कराया जाए। मृत पाए गए निर्वाचकों का विलोपन तथा आवश्यकतानुसार आयु-संशोधन की कार्रवाई की जाए।
6. जिन मतदान केंद्रों पर 50 या उससे अधिक पंजीकरण हुए हैं, वहां मतदाताओं के विवरण की जांच की जाए।
7. जिन मतदान केंद्रों पर अधिक विलोपन हुए हैं, वहां पुनः सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
8. ERO नेट पोर्टल पर प्राप्त फॉर्म 6, 7 एवं 8 के आवेदनों का समय पर निष्पादन किया जाए।
9. प्रत्येक मतदान केंद्र का भौतिक सत्यापन कर मतदाताओं के लिए न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं (AMF) सुनिश्चित की जाएं।
10. CAPF के लिए चिन्हित आवासन स्थलों का भौतिक सत्यापन कर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
11. पिछले चुनावों में न्यूनतम मतदान प्रतिशत वाले केंद्रों के विश्लेषण के आधार पर सुधारात्मक कार्ययोजना तैयार की जाए एवं इस बार मतदान प्रतिशत में वृद्धि सुनिश्चित की जाए।
12. स्वीप (SVEEP) योजना के अंतर्गत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर उसे प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाए।
