RK TV News
खबरें
Breaking News

उत्तर प्रदेश:मुख्यमंत्री इण्डिया बुलियन एण्ड ज्वेलर्स एसोसिएशन के कॉन्क्लेव ’08 साल बेमिसाल’ में सम्मिलित हुए।

जेम्स एण्ड ज्वेलर्स का भारत की अर्थव्यवस्था में एक बड़ा योगदान, देश की जी०डी०पी० में रत्न और आभूषण उद्योग की 07 प्रतिशत हिस्सेदारी : मुख्यमंत्री

RKTV NEWS/लखनऊ(उत्तर प्रदेश)09मई।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इण्डिया बुलियन एण्ड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आई०बी० जे०ए०) कॉन्क्लेव प्रदेश सरकार के 08 साल बेमिसाल अभियान को एक गति देने के लिए आयोजित किया गया है। अर्थव्यवस्था की दृष्टि से जेम्स और ज्वेलर्स की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण है। जेम्स एण्ड ज्वेलरी सेक्टर में हमें समाज की मांग के अनुरूप उत्पादों को तैयार करना होगा। इसके उत्पादों को बेहतरीन डिजाइन, पैकेजिंग के साथ मार्केट उपलब्ध करवाना अत्यन्त आवश्यक है। जिस प्रकार ‘एक जनपद एक उत्पाद योजना ने उत्तर प्रदेश को पहचान दिलाई है, उसी प्रकार जेम्स एण्ड ज्वेलर्स की भूमिका हो सकती है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को यहां इण्डिया बुलियन एण्ड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आई०बी० जे०ए०) के कॉन्क्लेव ’08 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को एक प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि जेम्स एण्ड ज्वेलर्स का भारत की अर्थव्यवस्था में एक बड़ा योगदान है। देश की जी०डी०पी० में रत्न और आभूषण उद्योग की 07 प्रतिशत की हिस्सेदारी है। गोल्ड इम्पोर्ट के माध्यम से देश को इम्पोर्ट ड्यूटी प्राप्त होती है। जब एक उपभोक्ता ज्वेलर्स से ज्वेलरी खरीदता है, तब वह जी०एस०टी० के माध्यम से अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में अपना योगदान करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा का एक बेहतर वातावरण हो, पर्यटन के साथ अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप लोग खरीददारी कर सकें, यह किसी भी चुनी हुई सरकार की जिम्मेदारी है। विगत 10 वर्षों में देश में तथा विगत 08 वर्षों में प्रदेश में आप लोगों ने इस प्रकार के माहौल का एहसास किया होगा। आज देश में सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश का एक नया वातावरण बना है। हम एक नए भारत में रह रहे हैं, जिसमें विश्वस्तरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 08 वर्ष पूर्व कानून व्यवस्था की दृष्टि से देश में उत्तर प्रदेश की स्थिति सर्वाधिक खराब थी। प्रदेश में सुरक्षा का कोई वातावरण नहीं था। प्रदेश में दंगे होते थे, पर्व व त्योहार मनाने के लिए सुरक्षित माहौल नहीं था। न बेटी सुरक्षित थी न व्यापारी सुरक्षित था। प्रदेश में अराजकता का माहौल था। इन स्थितियों में 08 वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी पर विश्वास करते हुए उत्तर प्रदेश की जनता ने वर्तमान प्रदेश सरकार के पक्ष में जनादेश दिया था। विगत 08 वर्षों में उत्तर प्रदेश दंगा मुक्त होने के साथ ही माफिया मुक्त भी हुआ है। आज प्रदेश में सभी जाति, मत, मजहब एवं सम्प्रदाय के लोग अपने-अपने पर्व व त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाते हैं। कहीं भी किसी प्रकार की कोई बाधा नहीं होती है। प्रदेश में सुरक्षा का एक बेहतरीन वातावरण है। सुरक्षा और सौहार्द के बेहतरीन वातावरण में व्यापार की अनन्त सम्भावनाएं भी आगे बढ़ी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश 25 करोड़ की आबादी वाला राज्य है। आस-पड़ोस के राज्य भी शिक्षा, रोजगार तथा व्यापार के लिए उत्तर प्रदेश पर निर्भर हैं। प्रदेश लगभग 30 करोड़ की आबादी की व्यापार, रोजगार, स्वास्थ्य एवं शिक्षा आदि आवश्यकताओं की पूर्ति करता है। वर्ष 2017 के पूर्व साइबर अपराध की रोकथाम के लिए प्रदेश में मात्र एक साइबर थाना था। आज प्रदेश के सभी 75 जनपदों में साइबर अपराध को रोकने के लिए एक-एक साइबर थाना है। हर थाने में एक साइबर हेल्पडेस्क भी बनाई गई है। प्रदेश सरकार द्वारा हर जनपद में एक फॉरेंसिक थाने तथा उसकी प्रयोगशालाएं भी स्थापित की गई हैं। प्रदेश में एक फोरेंसिक साइंस इंस्टीट्यूट की भी स्थापना की गई है। यह इंस्टीट्यूट भी गत वर्ष से प्रारम्भ हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में सुरक्षा के बेहतरीन वातावरण में व्यापार एवं निवेश का बेहतरीन माहौल बना है। सेफ सिटी के लक्ष्य को प्राप्त करने में सभी प्रतिष्ठानों का योगदान भी महत्वपूर्ण होगा। प्रदेश सरकार द्वारा गृह विभाग एवं नगर विकास विभाग के द्वारा सी०सी०टी०वी० कैमरा लगाया जाएगा। सभी प्रतिष्ठान भी अपने प्रतिष्ठानों में सी०सी०टी०वी० कैमरे लगाएं। आज टेक्नोलॉजी भी बहुत इम्प्रूव हो चुकी है। आज बिना डी०वी०आर० के कैमरे भी लगाए जा सकते हैं, जो सभी रिकार्ड को सुरक्षित रख सकते हैं। यह रिकॉर्ड किसी भी घटित घटना के अनावरण में अपना योगदान दे सकता है।
सुल्तानपुर, आगरा जैसी घटना प्रदेश में कहीं भी घटित होने पर इसका अनावरण होने में अब समय नहीं लगेगा। जिसने भी दुस्साहस किया है उसके दुस्साहस को उत्तर प्रदेश पुलिस कुछ ही मिनट में चकनाचूर कर सकती है। सेफ सिटी का लक्ष्य पुलिस के रिस्पॉन्सटाइम को कम करना है। पी०आर०वी०-112 का रिस्पॉन्स टाइम, जो 25 से 30 मिनट था, वह आज घटकर 07 से 08 मिनट हो गया है।
मुख्यमंत्री ने आई०बी० जे०ए० से कहा कि वह एक अच्छा मॉडल तैयार करते हुए जेम्स एण्ड ज्वेलरी का एक पार्क प्रदेश में बनाने में अपना योगदान दे। इण्डिया बुलियन एण्ड ज्वेलर्स एसोसिएशन को इस दिशा में आगे आना चाहिए। सरकार के साथ मिलकर इन सम्भावनाओं को आगे बढ़ाना चाहिए, जिससे प्रदेश सरकार भी इस पार्क के निर्माण में अपना योगदान दे सके। इस पार्क में उत्पादों की प्रोसेसिंग तथा नई डिजाइन के जेम्स एण्ड ज्वेलरी का निर्माण किया जाए। यहां से मार्केट तक सप्लाई चेन बनाकर उनके एक्सपोर्ट की भी व्यवस्था की जा सके। इस दिशा में आई०बी० जे०ए० प्रदेश सरकार के साथ मिलकर कार्य करेगा, तो व्यापार भी आगे बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1947 से लेकर वर्ष 2017 तक पहुंचते-पहुंचते उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था कुल 12 लाख 75 हजार करोड़ रुपए की थी। आज मात्र 08 वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था 30 लाख करोड़ रुपए की हो गई है। 70 वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था में जितनी वृद्धि हुई थी, विगत 08 वर्षों में उससे डेढ़ सौ गुना ज्यादा अर्थव्यवस्था में वृद्धि हुई है। वर्ष 2016-17 में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 46 हजार रुपये थी, वह आज 01 लाख 10 हजार रुपये तक पहुंची है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश एक बीमारू राज्य माना जाता था, आज यह बीमारू राज्य नहीं, बल्कि रेवेन्यू सरप्लस स्टेट है। यह भारत की इकोनॉमी का ग्रोथ इंजन है। आज उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था में सातवें स्थान पर न होकर दूसरे स्थान पर है। शीघ्र ही उत्तर प्रदेश देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था के रूप में आगे बढ़ेगा। प्रदेश की इकोनॉमी एवं रोजगार में जेम्स एण्ड ज्वेलर्स की भी महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि जेम्स एण्ड ज्वेलर्स एक बेहतरीन वातावरण में स्थानीय प्रशासन और शासन के साथ मिलकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाएंगे और लोगों के चेहरे पर भी चमक लाने का कार्य करेंगे।
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में विगत 08 वर्षों में उत्तर प्रदेश का परसेप्शन बदला है। प्रदेश की जी०एस०डी०पी० दोगुनी हुई है। आज प्रदेश का एक्सपोर्ट बढ़ा है। प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हुई है। व्यापारियों पर कोई एक्स्ट्रा बोझ नहीं डाला गया है। प्रदेश में डीजल व पेट्रोल पर देश के अन्य राज्यों की तुलना में सबसे कम वैट लगाया गया है। मुख्यमंत्री ने करप्शन और क्राइम के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। आज उत्तर प्रदेश अन्य राज्यों तथा देशों के लिए मिसाल बना है।
इस अवसर पर सलाहकार मुख्यमंत्री अवनीश कुमार अवस्थी तथा आई०बी० जे०ए० के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Related posts

स्वामी ऋषभ देवानंद ने की मुख्यमंत्री चौहान से भेंट।

rktvnews

डीआरडीओ एवं भारतीय सेना ने स्वदेशी मैन पोर्टेबल एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल हथियार प्रणाली का सफल परीक्षण किया।

rktvnews

प्रधानमंत्री से ओपनएआई के सीईओ सैम अल्टमैन ने मुलाकात की।

rktvnews

बिहार:विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2025 राज्यभर में 2.25 लाख से अधिक कार्मिकों और स्वयंसेवकों की तैनाती।

rktvnews

उत्तर प्रदेश:मुख्यमंत्री ने नवचयनित कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये।

rktvnews

बिहार विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में अब तक 86.32% गणना प्रपत्र प्राप्त किए गए : निर्वाचन आयोग

rktvnews

Leave a Comment