
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)09 मई। गुरुवार को रेडक्रॉस सोसाइटी के संस्थापक सर हेनरी डोनेंट के जन्म दिवस पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी भोजपुर जिला इकाई आरा द्वारा सर्वप्रथम स्कूली छात्र-छात्राओं की रैली से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता चेयरमैन डा विवेकानंद यादव ने की। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत साईकिल रैली के लिए प्रातः 7:00 बजे विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं रेडक्रास कार्यालय के पास दो लाइन बनाकर पंक्तिबद्ध रहे जिसे चेयरमैन डा वी एन यादव द्वारा झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रेड क्रॉस का यही है नारा ,मानव का मानव बने सहारा का नारा लगाते हुए शहर के विभिन्न मार्गो से होते हुए पुनः रेड क्रॉस कार्यालय में आकर समाप्त हुआ ।तत्पश्चात रेड क्रॉस का झंडोत्तोलन चेयरमैन द्वारा किया गया।संभावना आवासीय उच्च विद्यालय के जूनियर रेड क्रॉस की छात्राओं द्वारा झंडा गीत प्रस्तुत किया गया। तदोपरांत रेड क्रॉस के संस्थापक सर हेनरी डू नॉट के फोटोग्राफ़ पर पदाधिकारी व अन्य उपस्थित लोगों द्वारा माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई।
वर्ष 2025 की गोष्ठी का “थीम मानवता की ओर” पर अनेक वक्ताओं ने अपने विचार प्रकट किए और रेडक्रास के बहुआयामी सेवा के क्षेत्रों में किये गये कार्यों की जानकारी दी।सर्वप्रथम पूर्व वाइस चेयरमैन डॉ निर्मल कुमार सिंह ने कहा की स्वयंसेवकों के माध्यम से ही रेड क्रॉस पूरे विश्व भर में संचालित हो रहा है। सेवा करने के लिए इच्छा शक्ति की जरूरत है। हर समय और हर जगह तन मन समय लगाकर सेवा के लक्ष्य को पूरा किया जा सकता है।उप संरक्षक डा नीरज सिंह ने सर हेनरी डयूनॉट के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि एक व्यापारी युद्ध की त्रासदी से इतना द्रवित हुआ कि उसने मानवता की सेवा का संकल्प लेते हुए 1863 में रेड क्रॉस की स्थापना की जिसके माध्यम से पूरे विश्व में मानवता की सेवा किया जा रहा है।
अपने अध्यक्षीय भाषण में डॉक्टर बी एन यादव ने रेड क्रॉस में होने वाले तमाम गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की जिसमें प्राकृतिक आपदा बाढ़,आग लगना, स्वस्थ शिविर, टीवी के मरीजों की सेवा, रक्तदान के माध्यम से प्रतिदिन जरुरतमंदों को रक्त मुहैया कराना, थैलेसीमिया और कैंसर जैसे मरीजों के प्रति सहानुभूति रखते हुए निशुल्क रक्त प्रदान करना, प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण,कोरोना काल, ट्रेन दुर्घटनाओं और कुंभ मेले की भीड़ के लिए दिन रात स्वयं सेवको के माध्यम से सहयोग करना, जाड़ा के दिनों में कंबल का वितरण आदि महत्वपूर्ण कार्य लगातार चल रहे हैं और ब्लड बैंक पूर्णत विकसित हो चुका है। सेवा के क्षेत्र में भोजपुर इकाई अग्रणी संस्थानों में है।उप संरक्षक नंदकिशोर सिंह ने रेड क्रॉस से संबंधित एक प्रेरणा गीत भी सुनाया।इस अवसर पर बादल विराट डायरेक्टर मेडिकाम हॉस्पिटल महावीर टोला आरा द्वारा जनहित में रेड क्रॉस सोसाइटी को एक वाटर कुलर भी अनुदानित किया गया। इस अवसर पर मानवता की सेवा निस्वार्थ भाव से करने वाले स्वयं सेवक अनूप कुमार सिंह को मोमेंटो एवं एवं सम्मान पत्र एवं अन्य को भी सम्मानित भी किया गया ।कार्यक्रम का संचालन सचिव डा विभा कुमारी,स्वागत भाषण कार्यकारिणी सदस्य अशोक शर्मा के तथा समापन वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य डा जितेंद्र शुक्ला के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ।
प्रमुख लोगों में संरक्षक सरदार गुरु चरण सिंह, उप संरक्षक संजीव कुमार सिन्हा, रामकुमार सिंह, अवधेश पांडे, अजीत मेहता, आदित्य विजय जैन, संजीव गुप्ता, कृष्ण माधव अग्रवाल, कमल सिंह,डी राजन, वी राय, तारकेश्वर प्रसाद ,डा जीतेन्द्र शुक्ला,डा पी सिंह,एवं अन्य आजीवन सदस्यों की उपस्थिति रही।
प्रधानाचार्य मनोज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में उत्क्रमित मध्य विद्यालय बामपाली में स्कूल के बच्चों के द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई तदोपरांत “मानवता की ओर” विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किये।
