महिलाओं में कार्यक्रम के प्रति रुचि महिला संवाद कार्यक्रम की सार्थकता को कर रहा प्रदर्शित।
RKTV NEWS/लखीसराय ( बिहार)27 अप्रैल।लखीसराय प्रखंड के खगौर गांव निवासी सुनीता देवी जन्म से ही अपनी दोनों आंखों से नहीं देख पाती हैं। लेकिन राज्य में चल रही योजनाओं पर वो पैनी नजर रखती हैं। महिला संवाद कार्यक्रम में अपने उद्बोधन में उन्होंने राज्य सरकार से योजनाओं के व्यापक एवं पारदर्शी प्रचार- प्रसार की आवश्यकता जताई और इसके लिए महिला संवाद कार्यक्रम को उचित मंच बताया।ग्रामीण महिलाओं की महिला संवाद कार्यक्रम और सरकार की योजनाओं के प्रति दिलचस्पी यह बता रही है कि यह कार्यक्रम अपने उद्देश्यों को अंजाम तक ले जाने की ओर अग्रसर है।
राज्य सरकार ने महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की जिम्मेवारी जीविका को दी है। इससे पूर्व भी मिली कई जिम्मेवारियों को जीविका ने अमलीजामा पहनाया है। महिला संवाद कार्यक्रम सशक्तिकरण की दिशा में आनेवाले दिनों में मील का पत्थर साबित होगा । महिलाओं से संबंधित योजनाओं के बारे में महिला को बताने एवं महिलाओं की सरकार से क्या अपेक्षाएं है उसको संकलित कर उस पर नीतिगत निर्णय लेने के लिए महिला संवाद कार्यक्रम 18 अप्रैल से जारी है। 5 महिला संवाद रथ जिला के चानन, रामगढ़ चौक, हलसी, सदर एवं सूर्यगढ़ा में चल रहा है।महिला संवाद रथ एलईडी स्क्रीन, वीडियो फिल्म, सेल्फी पॉइंट, स्टैंडी, लीफ्लेट्स, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधाओं से लैस है।
एक संवाद रथ प्रति दिन दो कार्यक्रम जीविका से संबद्ध ग्राम संगठन के निर्देशन में कर रहा हैं।
प्रतिदिन लगभग ढाई हजार महिलाएं एवं छात्राएं कार्यक्रम में जोश और उमंग के साथ शिरकत कर रही हैं।
दस दिन में 25 हजार से अधिक महिलाएं एवं छात्राएं लाभान्वित हुई हैं। जिला के लगभग 2 लाख से अधिक महिलाओं को महिला संवाद कार्यक्रम से लाभ दिलाने का लक्ष्य है।
रविवार को लखीसराय जिला के 5 प्रखंडों के कुल 10 गांवों में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया । प्रति कार्यक्रम ढाई सौ से अधिक महिलाओं, जीविका दीदियों एवं छात्राओं ने अपनी सहभागिता दिखाई एवं खुशहाल गांव की परिकल्पनाएं लिए अपनी इच्छाओं एवं आकांक्षाओं को सबके बीच रखा। ग्रामीण महिलाएं इस कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त किया और समुचित लाभ के लिए उपस्थित कर्मियों एवं अधिकारियों से मार्गदर्शन लिया साथ ही अपना सुझाव भी दिया।इनकी अपेक्षाओं एवं सुझावों को संकलित कर प्राथमिकता निर्धारण की जा रही है और उसका दस्तावेजीकरण किया जा रहा है।आगे उसे जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार को भेजा जाएगा ताकि उस पर विचार कर नीतिगत निर्णय लिया जा सके और उनकी मांग को पूरा किया जाए। महिला संवाद कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार द्वारा अभी तक लिए गए निर्णय एवं किए गए कार्यों की जानकारी ऑडियो विजुअल के माध्यम से महिलाओं को दी जा रही है।
इसके साथ ही महिला सशक्तिकरण के दिशा में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी लीफ्लेट्स के माध्यम से दिया जा रहा है। जिसे सभी महिलाएं पढ़कर जानकारी प्राप्त कर रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिला संवाद कार्यक्रम के लिए महिलाओं को पत्र लिखा है जिसे सभी को दिया जा रहा है और पढ़कर भी सुनाया जा रहा है । इसके साथ ही विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हुई महिलाएं अपने मन की बात सभी को बता रही हैं। कई महिलाओं ने बताया कि सतत जीविकोपार्जन योजना ने उन्हें समाज में मान सम्मान दिलाने के साथ ही स्वावलंबी बनाया है। विभिन्न गांवों में हो रहे महिला संवाद के दौरान वृद्धा पेंशन की राशि, इंदिरा आवास , मध्य विद्यालय, 24 घंटा कार्यरत अस्पताल, सामुदायिक भवन, पुस्तकालय, जल निकासी आदि की सुविधा, स्वच्छता आदि की मांग की जा रही है ।
चानन की बेबी देवी आरक्षण से मिले लाभ से अब पंचायत समिति की सदस्य हैं। सरकार के आरक्षण देने से वो आज एक मुकाम पर है। महिला संवाद कार्यक्रम में उन्होंने अपनी खुशी जाहिर की ।
महिला संवाद रथ में एक और कड़ी जुड़ गई है । इस कार्यक्रम के माध्यम से मौजूद महिलाएं एवं छात्राएं बाल विवाह एवं दहेज प्रथा समेत कई सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन एवं घरेलू हिंसा को बर्दाश्त नहीं करने हेतु शपथ एवं संकल्प भी ले रही हैं। कार्यक्रम के प्रति महिलाओं एवं छात्राओं की रुचि देखते ही बन रही है।

