
RKTV NEWS/आरा (भोजपुर)18 अप्रैल।बिहार सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और प्रभावशाली कदम उठाते हुए “महिला संवाद” कार्यक्रम का आयोजन 18 अप्रैल 2025 से पूरे राज्य में किया जा रहा है। यह नवाचारात्मक अभियान जीविका से संबद्ध सभी ग्राम संगठनों के माध्यम से गाँव-गाँव में आयोजित होगा, जिसका उद्देश्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना और उनकी इच्छाओं व आकांक्षाओं को सीधे सरकार तक पहुँचाना है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज 18 अप्रैल को पटना से इस कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ करेंगे। “महिला संवाद” के तहत पूरे राज्य में 600 विशेष रूप से डिज़ाइन की गई डिजिटल मोबाइल वैन पंचायतों में पहुँचेंगी, जो एलईडी टीवी, बैनर, पोस्टर, सेल्फी ज़ोन और अन्य संसाधनों से सुसज्जित होंगी। इन वैनों के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों और पिछले 20 वर्षों में राज्य सरकार द्वारा किए गए महिला कल्याण के प्रयासों की डिजिटल रूप से जानकारी दी जाएगी।
भोजपुर जिले में यह कार्यक्रम 1398 ग्राम संगठनों के माध्यम से संचालित होगा, जिसके लिए जीविका को 12 डिजिटल मोबाइल वैन उपलब्ध कराए गए हैं। प्रथम चरण में यह अभियान जिले के 12 प्रखंडों में शुरू होगा, जबकि संदेश एवं गढ़हनी प्रखंडों में कार्यक्रम का आयोजन 24 मई से किया जाएगा।
हर दिन सुबह 9 बजे और दोपहर 3 बजे निर्धारित रोस्टर के अनुसार संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें 200 से 250 महिलाएं भाग लेंगी। इन आयोजनों के दौरान महिलाओं को योजनाओं पर आधारित लघु फिल्में दिखाई जाएंगी और विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित महिलाएं अपना अनुभव साझा करेंगी, जिससे अन्य महिलाओं को प्रेरणा मिलेगी। इसके साथ ही उपस्थित महिलाएं अपनी अपेक्षाएं व सुझाव भी साझा करेंगी, जो सरकार को नीतिगत निर्णय लेने में मददगार सिद्ध होंगे।
महिला संवाद न केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी देने का माध्यम है, बल्कि यह महिलाओं की आवाज़ को नीतिगत मंच तक पहुँचाने का एक प्रभावशाली जरिया भी है। जिलास्तर पर महिलाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने हेतु जिला पदाधिकारी द्वारा आवश्यक कार्रवाई का भी प्रावधान रखा गया है।
कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए राज्य, जिला और प्रखंड स्तर पर नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। भोजपुर जिले में यह कार्यक्रम 18 अप्रैल से शुरू होकर मध्य जून 2025 तक चलेगा।
“महिला संवाद” वास्तव में एक ऐसा मंच है जो सरकार और समाज के बीच सेतु का कार्य करेगा, जहाँ महिलाएं अपनी कहानियों के माध्यम से दूसरों को प्रेरित करेंगी और एक सशक्त, जागरूक और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण में भागीदारी निभाएंगी।
