
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 22 मार्च। भोजपुर एसपी मिस्टर राज ने शाहपुर थाना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पत्रकारों से बातचीत मे एसपी मिस्टर राज ने बताया कि रामनवमी तथा ईद पर्व को लेकर एहतियात बरता जा रहा है। आपसी मिल्लत तथा सौहार्द का वातावरण बनाये रखने के लिए पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया है। इस दौरान सख्ती से निपटने की हिदायत दी गई है। पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण के दौरान पुराने कांडो के डिस्पोजेबल की जानकारी ली। उन्होंने कांडो की संवीक्षा की तथा डायरी का भी अवलोकन किया। उन्होंने थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर कुमार रजनीकांत को लंबित कांडों को अतिशीघ्र डिस्पोजल करने की हिदायत दी। साथ ही वारंटियों तथा कांड के अभियुक्तों की गिरफ्तारी करने का निर्देश दिया। एसपी मिस्टर राज के आगमन पर शाहपुर थाना में पुलिस पदधिकारी तथा पुलिस बल चुस्त-दुरुस्त रहे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज के अलावा बिहिया सर्किल इंस्पेक्टर, थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर कुमार रजनीकांत, अवर निरीक्षक श्वेता कुमारी, एएसआई राकेश कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे।
