
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा )10 मार्च।आज स्थानीय तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में दिन दहाड़े हथियाबंद अपराधियों द्वारा लूट की घटना को अंजाम देते हुए करोड़ों रुपए के आभूषणों की लूट की गई।
जानकारी सुबह लगभग 10.30 बजे के आस पास अनुसार बेखौफ अपराधियों द्वारा शोरूम में सुरक्षा गार्ड सहित कर्मचारियों और मौजूदा ग्राहकों को हथियार के बल पर बंधक बना लगभग 25 करोड़ रुपयों के आभूषणों के अलावा नगद राशि की लूट की है।वही इस संबंध में भोजपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति में तनिष्क शोरूम में हुई लूट की घटना के उपरांत भोजपुर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करने की बात कही गई है।
बताया गया कि घटना के तत्काल बाद पुलिस अधीक्षक भोजपुर के निर्देश पर सभी थाना अध्यक्षों द्वारा लूट कांड में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए शहर के अंदर व शहर के बाहर जाने वाले सभी चेकपोस्टों पर सघन वाहन चेकिंग शुरू की गई। पुलिस ने बैंक में मिले अपराधियों के बिना नकाब के सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से अपराधियों की पहचान हेतु जिले के व्हाट्सएप ग्रुप पर सीसीटीवी फुटेज से प्राप्त फोटोग्राफ्स भी डाले।
बताया गया कि उक्त सूचना के आलोक में बड़हरा थाना अध्यक्ष अपने बल के साथ बबुरा छोटी पुल पर चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच, तीन मोटरसाइकिलों पर सवार छह संदिग्ध व्यक्ति तेज गति से आरा-बबूरा से डोरीगंज की ओर जाते हुए दिखाई दिए। उन्हें रोकने का इशारा किया गया, लेकिन वे और तेजी से डोरीगंज की तरफ भागने लगे। बड़हरा थाना की गश्ती गाड़ी द्वारा उन्हें घेरकर रोकने का प्रयास किया गया, तो एक बाइक गश्ती गाड़ी से टकराते हुए भागने का प्रयास करने लगी। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद अपराधी बाइक छोड़कर बबुरा बिंदगामा बधार की ओर भागे और पुलिस पर पिस्टल से फायरिंग कर दी।
पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें भाग रहे दो अपराधियों सारण जिले के दिघवारा निवासी भुनेश्वर प्रसाद के पुत्र विशाल गुप्ता,सोनपुर , सेमरा प्रदीप राय के पुत्र कुणाल कुमार के पैरों के आसपास गोली लगी। फिलहाल, उनका इलाज चल रहा है। इस घटना में दो अभियुक्तों के साथ दो पिस्टल, 10 कारतूस, तनिष्क शोरूम से लूटे गए जेवरात (जो दो बड़े झोलों में रखे गए थे) एवं एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बताया गया कि इस कांड में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु तत्काल टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है।
