RK TV News
खबरें
Breaking News

भोजपुर : मोक्षदायिनी माॅ गंगा ने धरा रौद्र रूप।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्र तथा श्याम बाबा बांध पर नाव से जायजा लेते एसडीओ संजीत कुमार , डीसीएलआर अमरेंद्र कुमार, सीओ शम्मा परवीन, पंचायत पदाधिकारी राजेश प्रसाद व अन्य

शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 20 सितम्बर। भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड सह अंचल क्षेत्र में मोक्षदायिनी माॅ गंगा ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। गंगा के जल स्तर में हुए उफान से पूरे क्षेत्र मे गंगा का पानी फैल चुका है। शाहपुर प्रखंड सह अंचल के सभी 20 पंचायतों में बाढ़ का पानी फैल चुका है। गंगा ने पूरे क्षेत्र को अपने आगोश में ले लिया है। प्रखंड सह आंचल के 11 पंचायत पूर्ण रूप से जलप्लावित हैं तो शेष पंचायत भी बाढ़ से प्रभावित हैं। शाहपुर-करनामेपुर सड़क पर भरौली पुल के आगे पानी चढ चुका है। भरौली के आगे वाहनों का जाना बंद है। भरौली से ही लोगों को नाव से करनामेपुर और उसके आगे जाना पड़ रहा है। सुहिया, सोनकी, होरिल छपरा, बुझा राय का डेरा,धमवल जैसे गाँव में आने-जाने के लिए नाव ही एकमात्र सहारा है। नाव ही आवागमन का साधन बना हुआ है। वहीं बिहिया चौरस्ता से उत्तर की तरफ जाने वाले रास्तों पर भी पानी चढ़ चुका है। गौरा, बहोरनपुर, दामोदरपुर, लक्षु टोला पंचायत को जाने वाली सड़क पर पानी चढ चुका है। यही हाल झौआ, बेलवनिया पंचायत का भी है। संपर्क पथ पर पानी चढ़ जाने से अनेकों गाॅवों का प्रखंड मुख्यालय से आवागमन भंग हो गया है। दियारा क्षेत्र के सभी रास्ते जलमग्न हो चुके हैं। गाँव टापू बन चुके हैं। कई विद्यालय पानी से घिर चुके हैं तो वहीं कई विद्यालय में पानी घुस गया है। गंगा की तेज और क्रोधित धारा ने तो जवइनिया गाँव के कई घरों को लील लिया है। मंदिर समेत कई घर गंगा की गोद में समा गये। जवइनिया के लोग 10 + 2 उच्च विद्यालय में शरण लिए हुए हैं। लोग अपने जानवरों एवं पशुओं को लेकर बक्सर-कोईलवर तटबंध पर टिके हुए हैं। बहोरनपुर के पास श्याम बाबा बांध पर आसपास के गांव के लोग शरण लिए हुए हैं। वहाॅ पर सामुदायिक रसोई की व्यवस्था की गई है जिसमें लोगों को खाना  दिया जा रहा है। जवइनिया टेन प्लस टू हाई स्कूल, बहोरनपुर में श्याम बाबा बांध पर, लालू डेरा में और सूहिया में कम्युनिटी किचन खोला गया है। लोगों को सरकार की तरफ से खाना खिलाया जा रहा है। पशु चारा की व्यवस्था नहीं होने से पशुओं को दिक्कत हो रही है। चारों तरफ पानी भरे होने से चारागाह पानी में डूब चुके हैं। बांध पर रहने वालों को सिर ढकने के लिए पॉलीथिन शीट का वितरण किया गया है। जगदीशपुर के एसडीओ संजीत कुमार और डीसीएलआर अमरेन्द्र कुमार शाहपुर सीओ शम्मा परवीन के साथ श्याम बाबा बांध पर नाव से जाकर लोगों की समस्याओं से रूबरू हुए। दोनों पदाधिकारियों ने लोगों से बात कर उनकी समस्याओं को सुना और उसके समाधान के लिए सीओ को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। शाहपुर सीओ शम्मा परवीन द्वारा मोबाइल फोन नहीं उठाने से लोग अपनी समस्याओं को उन तक नहीं पहुँचा पा रहे हैं। इससे आम लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।

Related posts

होली के उत्सवों के बीच जनऔषधि सप्ताह 2026 के चौथे दिन भी राष्ट्रव्यापी निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन रहा जारी।

rktvnews

रायपुर : राजभवन में शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि।

rktvnews

भोजपुर:विद्यार्थीयों में सर्वोत्तम अंक लाने में शिक्षकों और अभिभावकों का परिश्रम सराहनीय: निदेशक आदित्य विजय जैन

rktvnews

प्रधानमंत्री मोदी ने थाईलैंड की प्रधानमंत्री से मुलाकात की।

rktvnews

भोजपुर:बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ (गोपगुट) भोजपुर ने की बैठक।

rktvnews

उमरिया:जल संरक्षण के लिए समुदाय ने बढ़ाए अपने हाथ।

rktvnews

Leave a Comment