
RKTV NEWS/आरा(भोजपुर)15 अक्टूबर। शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज जिला दंडाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, भोजपुर मनेश कुमार मीणा एवं पुलिस अधीक्षक, भोजपुर अवधेश दीक्षित की संयुक्त अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई।
जिले के शहरी, नगर निकाय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की भीड़ का सुचारु प्रबंधन करने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिलाधिकारी ने सप्तमी से विजयादशमी तक पूजा पंडालों, मंदिरों, बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति-व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विसर्जन जुलूस के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए निर्धारित मार्गों पर सतत निगरानी रखने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने तथा ड्रोन के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जुलूस का संचालन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से कराने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक सतर्कता बरतने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी, महत्वपूर्ण स्थलों की वीडियोग्राफी तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं, विद्युत आपूर्ति एवं अग्निशमन व्यवस्था को सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया गया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने एवं विधि-व्यवस्था की सतत निगरानी के लिए समाहरणालय स्थित जिला नियंत्रण कक्ष को सक्रिय किया गया है।
जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर: 06182-248702
जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से दुर्गा पूजा का पर्व शांति, सद्भाव, आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, विशेष कार्य पदाधिकारी, सहायक समाहर्ता, सिविल सर्जन, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
