
भोपाल/मध्यप्रदेश ( मनोज कुमार प्रसाद)17 सितंबर।इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय, शामला हिल्स में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित ‘हिंदी पखवाड़ा-2026’ के अंतर्गत राजभाषा इकाई द्वारा ‘श्रुतलेखन : हिंदीतर भाषियों हेतु’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य हिंदीतर भाषी कार्मिकों एवं प्रतिभागियों में राजभाषा हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ शुद्ध लेखन कौशल और व्यावहारिक भाषा ज्ञान को प्रोत्साहित करना था।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और श्रुतलेखन के माध्यम से अपनी हिंदी लेखन दक्षता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय प्रतियोगिता संयोजक श्रीकांत गुप्ता तथा डॉ. प्रीतम चौधरी के मार्गदर्शन में किया गया। वहीं, संपूर्ण हिंदी पखवाड़ा कार्यक्रम के मुख्य समन्वयक राजेंद्र झरिया की देखरेख में आयोजन संपन्न हुआ।
समापन अवसर पर संग्रहालय के निदेशक डॉ. अमिताभ पांडे ने प्रतिभागियों के हिंदी में किए गए प्रयासों की सराहना की। जनसंपर्क अधिकारी हेमंत बहादुर सिंह परिहार ने कहा कि राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और उसे दैनिक कार्यप्रणाली में सहज रूप से अपनाने की दिशा में ऐसे रचनात्मक आयोजन प्रभावी एवं प्रेरणादायक हैं।
