
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)31 अगस्त।आरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुदामा प्रसाद ने देश के अत्यंत जरूरतमंद दिव्यांगजनों एवं विधवा महिलाओं के लिए बड़ी मांग उठाई है। सांसद ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को अंत्योदय अन्न योजना के समान प्रत्येक माह 35 किलोग्राम राशन उपलब्ध कराने की विशेष व्यवस्था लागू करने का अनुरोध किया है।सांसद ने पत्र में कहा है की कई परिवारों के पास आय का कोई स्थायी एवं पर्याप्त साधन नहीं है, जिससे उनके लिए भोजन जैसी बुनियादी जरूरतें पूरी करना भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है।उन्होंने कहा कि प्रतिमाह 35 किलो खाद्यान्न उपलब्ध कराने से इन दोनों वर्गों को नियमित खाद्य सुरक्षा मिल सकेगी और उनकी आर्थिक कठिनाइयां भी कुछ हद तक कम होंगी। यह व्यवस्था उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने के लिए आवश्यक सामाजिक एवं आर्थिक संबल प्रदान करेगी।सांसद सुदामा प्रसाद ने प्रधानमंत्री से इस महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी प्रस्ताव पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।
