
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 28 जुलाई। भोजपुर जिला के शाहपुर विधान सभा क्षेत्र के भाजपा विधायक राकेश रंजन ने बिहार विधान सभा मे शाहपुर प्रखंड के बिलौटी पंचायत स्थित प्राचीन कुड़वा महादेव मंदिर को राजकीय पर्यटन स्थल घोषित करने की मांग की है। विधान सभा में विधायक राकेश रंजन ने कहा कि शाहपुर प्रखंड के बिलौटी पंचायत स्थित प्राचीन कुंड़वा महादेव मंदिर ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल है जहाँ सावन, महाशिवरात्रि एवं अन्य धार्मिक अवसरों पर भोजपुर के अलावा आसपास के कई जिलों से हजारों की संख्या मे श्रद्धालु दर्शन एवं पूजन करने हेतू आते हैं। यहाँ आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाओं जैसे सामुदायिक भवन, यात्री शेड, शुद्ध पेयजल, सार्वजनिक शौचालय, मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण एवं प्रकाश व्यवस्था का अभाव है। उन्होंने उक्त धार्मिक स्थल को राजकीय पर्यटन मानचित्र पर शामिल करने, इसके सर्वांगीण विकास एवं सौंदरीकरण हेतू कार्रवाई करने की मांग की है। मंत्री, पर्यटन विभाग, केदार प्रसाद गुप्ता ने अपने जवाब मे लिखा कि जिला पदाधिकारी, भोजपुर द्वारा प्रतिवेदन किया गया है कि भोजपुर जिला के शाहपुर प्रखंड के बिलौटी पंचायत मे अवस्थित कुंङवा महादेव मंदिर ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल है जहाँ महाशिवरात्रि, सावन एवं अन्य अवसरों पर काफी संख्या मे श्रद्धालुओं की भीड़ होती है। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतू यात्री शेड, पेयजल, सार्वजनिक शौचालय एवं प्रकाश की व्यवस्था है। कुंङवा मंदिर के सर्वांगीण विकास एवं सौंदर्यीकरण हेतू जिला पदाधिकारी, भोजपुर से विहित प्रपत्र मे प्रतिवेदन प्राप्त हुआ है। उक्त स्थल को जांचोपरांत तथा निधि की उपलब्धता के आधार पर अग्रेतर निर्णय लिया जायेगा।
