RK TV News
खबरें
Breaking News

डीयू के वीसी के रूप में प्रो. योगेश सिंह की दोबारा नियुक्ति का टीचर्स एसोसिएशन ने किया स्वागत।

बहुत जल्द विश्व की शीर्ष 100 विश्वविद्यालयों में होगी डीयू: प्रो सुधीर सिंह

नई दिल्ली/डॉ एम रहमतुल्लाह,4 जुलाई।देश के प्रतिष्ठित दिल्ली विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार किसी कुलपति को लगातार दूसरे पूर्ण कार्यकाल के लिए नियुक्त किया गया है। प्रो. योगेश सिंह की पुनर्नियुक्ति को विश्वविद्यालय के इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय माना जा रहा है। इस निर्णय का स्वागत करते हुए डीयू प्रोग्रेसिव टीचर्स एसोसिएशन (DUPTA) ने इसे विश्वविद्यालय और देश की उच्च शिक्षा के हित में एक दूरदर्शी एवं ऐतिहासिक फैसला बताया।
इस अवसर पर आयोजित एसोसिएशन की ऑनलाइन बैठक की अध्यक्षता संस्कृत विभाग के वरिष्ठ आचार्य प्रो. सत्यपाल सिंह (मॉरीशस से) ने की। उन्होंने कहा कि भारत सरकार का यह निर्णय योग्यता, ईमानदारी और उत्कृष्ट नेतृत्व को सम्मान देने का संदेश देता है। उनके अनुसार, प्रो. योगेश सिंह के नेतृत्व में दिल्ली विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाई है।
बैठक को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के महासचिव प्रो. सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में प्रो. योगेश सिंह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक, प्रशासनिक और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि लगभग 6,000 शिक्षकों की पारदर्शी एवं योग्यता-आधारित नियुक्तियां, प्रशासनिक सुधार, निर्माण कार्यों का विस्तार तथा अनुशासित कार्यसंस्कृति ने दिल्ली विश्वविद्यालय को वैश्विक रैंकिंग में लगभग 200 स्थानों की उल्लेखनीय बढ़त दिलाई है।
प्रो. सुधीर सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय की चुनौतियों और संभावनाओं से भली-भांति परिचित प्रो. योगेश सिंह अपने दूसरे कार्यकाल में दिल्ली विश्वविद्यालय का व्यापक कायाकल्प करेंगे और अगले पांच वर्षों में इसे विश्व के शीर्ष 100 विश्वविद्यालयों में स्थान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रो. योगेश सिंह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय में सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बना रहा और उनके पूरे कार्यकाल में किसी विरोध-प्रदर्शन की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रो. बी.के. सिंह (केमिस्ट्री डिपार्टमेंट) ने कहा कि यह निर्णय पूरे शिक्षा जगत के लिए प्रेरणादायी है। इससे यह संदेश जाता है कि ईमानदारी, कर्मठता और उत्कृष्ट कार्यशैली को उचित सम्मान मिलता है।
डीयू साउथ कैंपस के प्रो. चन्द्रमोहन नेगी ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार किसी कुलपति को लगातार दूसरा कार्यकाल मिलना इस बात का प्रमाण है कि प्रो. योगेश सिंह ने बिना किसी भेदभाव के विश्वविद्यालय के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य किया है।
बैठक में वक्ताओं ने प्रो. योगेश सिंह की शैक्षणिक उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में एम.टेक. तथा कंप्यूटर इंजीनियरिंग में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उन्होंने 23 शोधार्थियों का मार्गदर्शन किया है तथा उनके 250 से अधिक शोध-पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। वे सॉफ्टवेयर टेस्टिंग सहित अनेक पुस्तकों के लेखक एवं सह-लेखक भी हैं और विभिन्न महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
अंत में किरोड़ीमल कॉलेज के डॉ. रूपेश चौहान ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि प्रो. योगेश सिंह का दूसरा कार्यकाल दिल्ली विश्वविद्यालय के लिए एक नए स्वर्णिम अध्याय की शुरुआत सिद्ध होगा।
बैठक में देश और विदेश के विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में दिल्ली विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने ऑनलाइन सहभागिता की।

Related posts

बिहार: भोजपुर: कृषि विज्ञान केंद्र में 11वीं वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक आयोजित।

rktvnews

भोजपुर:आइसा यूनिट सम्मेलन में नई कमिटी गठित,सचिव साहिल अरोरा अध्यक्ष बने राजन कुमार।

rktvnews

चतरा:डीएमएफटी मद से संचालित योजनाओं व नीति आयोग द्वारा निर्धारित इंडिकेटर की हुई समीक्षा।

rktvnews

अनुसंधान, नवाचार और विस्तार को मजबूती देने के लिए आईसीएआर और एनडीडीबी के बीच रणनीतिक गठबंधन।

rktvnews

नैनीताल:कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने किया मतदान,मतदान हेतु मतदाताओं से की अपील।

rktvnews

पटना:मुग्ध करनेवाली प्रांजल भाषा थी ‘मुक्त’ जी की, ‘साहित्य सारथी’ थे बलभद्र कल्याण : डॉ अनिल सुलभ

rktvnews

Leave a Comment