
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)21 जून।भोजपुर जिला कांग्रेस कमिटी का एक शिष्टमंडल जिलाध्यक्ष डॉ. श्रीधर तिवारी के नेतृत्व में शाहपुर प्रखंड के बिलौटी गांव पहुंचा। शिष्टमंडल ने पुलिस मुठभेड़ में मृत भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली तथा ग्रामीणों से भी बातचीत की।
परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि भरत तिवारी ने अपना हथियार पुलिस के समक्ष सौंप दिया था। इसके बाद पुलिस उन्हें अपने साथ कुछ दूरी पर ले गई और फिर गोली मार दी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. श्रीधर तिवारी ने कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री का बयान आता है कि संबंधित युवक को पकड़कर मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में इलाज के लिए भेजा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर पुलिस द्वारा उसे गोली मार दिए जाने की घटना सामने आती है। डॉ. तिवारी ने कहा कि पार्टी इस घटना को हत्या मानती है और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए उच्चस्तरीय जांच समिति के गठन की मांग करती है। उन्होंने मृतक के आश्रित परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने तथा घटना में दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी मांग की।शिष्टमंडल में पन्नग कुमार त्रिपाठी, कांग्रेस मीडिया प्रभारी वीरेंद्र मिश्रा, युवा जिलाध्यक्ष डॉ. भानु प्रताप सिंह, शाहपुर प्रखंड अध्यक्ष राजेश तिवारी, राकेश त्रिपाठी, बिहिया प्रखंड अध्यक्ष अमित मिश्रा, आरा विधानसभा अध्यक्ष साकेत तिवारी, चितरंजन मुन्ना, ओ.पी. सिंह, डॉ. भीम तिवारी, अजय पासवान, घनश्याम चौधरी, पप्पू चौबे सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल थे।
