
कलेक्टर ने राजस्व महाअभियान 3.0 के कार्यों में लापरवाही बरतने पर तहसीलदार माकड़ौन की वेतनवृद्धि रोकने का नोटिस देने के आदेश दिए।
संविधान दिवस पर सभी शासकीय कार्यालय विद्यालय व भवनों में प्रस्तावना वाचन के कार्यक्रम होंगे।
जेंडर आधारित हिंसा के रोकथाम के लिए “हम होंगे कामयाब” अभियान 10 दिसम्बर तक चलाया जाएगा।
कलेक्टर ने समयावधी पत्रों की समीक्षा बैठक ली।
RKTV NEWS/उज्जैन(मध्यप्रदेश) 25 नवम्बर। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने सोमवार को प्रशासनिक संकुल भवन के द्वितीय तल स्थित सभा कक्ष में समयावधी पत्रों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने गीता जयंति पर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। गीता जयंति के उपलक्ष्य में इस्कॉन मंदिर द्वारा कक्षा 9वीं से 12वीं के छात्रों की गीता ज्ञान संबंधित ऑनलाईन क्वीज का आयोजन किया जा रहा है। गीता जयंति पर सामूहिक गीता पाठ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
बैठक में राजस्व महाअभियान 3.0 के अंतर्गत कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर राजस्व अधिकारियों को समय सीमा में लक्ष्य पूर्ण करने को निर्देशित किया। राजस्व महाअभियान 3.0 के अंतर्गत सीमांकन, बटांकन, नक्शे में बटांकन, फार्मर रजिस्ट्री, पीएम किसान ईकेवाइसी लिंकिंग, आधार से आरओआर खसरे से लिंक करने आदि के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। राजस्व महाअभियान 3.0 के कार्यों में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर श्री सिंह ने तहसीलदार माकड़ौन की 2 वेतनवृद्धि रोकने का नोटिस देने के आदेश दिए।
शासन की सभी योजनाओं की विभागवार जानकारी संग्रहण कर प्रारूप तैयार किया जाएगा
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने नागरिकों की सुविधा के लिए शासन की सभी योजनाओं की विभागवार जानकारी संग्रहण कर प्रारूप बनाने को निर्देशित किया। प्रारूप में योजना का नाम, विभाग का नाम, योजना का उद्देश्य, लाभान्वित वर्ग, प्राप्त लाभ, लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया, लाभान्वित की पात्रता एवं शर्तें, संबंधित विभाग का सम्पर्क नंबर आदि जानकारी रहेगी जिससे सरलतापूर्वक हितग्राही शासन की योजना का लाभ ले सकेंगे।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने आयुष्मान भारत निरामयन अंतर्गत 70/70+ वर्ष के वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के कार्यों की समीक्षा की। आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत व ब्लॉक स्तर तथा शहरी क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर अधिक से अधिक केम्प लगाकर कार्य समयावधि में लक्ष्य हासिल करने को निर्देशित किया। इसके साथ ही उन्होंने सर्वे कर सूची अपडेट करने को निर्देशित किया। 70 वर्ष से अधिक व्यक्तियों के आधार कार्ड में मोबाईल लिंकिंग, बायोमेट्रिक अपडेशन, नाम सुधार आदि आधार संबंधी सुविधाओं के लिए केम्प लगाने को भी निर्देशित किया जिससे आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया सुविधापूर्वक सम्पन्न हो सके।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने मिलावटखोरी रोकने हेतु विशेष अभियान चलाये जाने को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए एवं मिलावटखोरी करने वालों पर सख्त कार्यवाही करने को कहा। उन्होंने मिलावटखोरी के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में 26 नवंबर संविधान दिवस के अवसर पर प्रत्येक शासकीय कार्यालय, विद्यालयों, पंचायत भवनों, अमृत सरोवरों के नजदीक प्रस्तावना वाचन का कार्यक्रम आयोजित कर प्रस्तावना वाचन के फोटोग्राफ व वीडियो Constitution75.com पर अपलोड करने को निर्देशित किया।
बैठक में जेंडर आधारित हिंसा के रोकथाम के लिए “हम होंगे कामयाब” अभियान 10 दिसम्बर तक सफलतापूर्वक संचालित किए जाने के लिए निर्देश दिए गए। इस अभियान में जेंडर संवेदनशीलता और जागरूकता विकसित करने के लिए स्कूल, कॉलेज, शौर्य दल, वनस्टॉप सेंटर, उर्जा महिला डेस्ककर्मीयों के लिए कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यस्थल पर उत्पीड़न की शिकायतों एवं शिकायत निवारण के लिए She-box (शी-बॉक्स) पोर्टल के बारे में जानकारी सभी कार्य स्थलों पर स्थानीय परिवाद समितियों द्वारा प्रदान की जाए। अभियान अंतर्गत घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को स्वरोजगार का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। अभियान में साइबर सुरक्षा हेल्पलाईन 1930, बाल विवाह निषेध जागरूकता, महिला हेल्पलाईन, महिला सुरक्षा के लिए सोशल मीडिया का कुशलतापूर्वक उपयोग करने की चर्चा की गई। अभियान अंतर्गत प्रत्येक सार्वजनिक परिवहन में महिला सुरक्षा के लिए पेनिक बटन का प्रावधान, प्रत्येक सार्वजनिक परिवहन व स्कूल बस के चालकों एवं कंडक्टरों का पुलिस वेरिफिकेशन सुनिश्चित किया जाना, सार्वजनिक वाहनों में आवश्यक सेवाओं का हेल्पलाईन नंबर प्रदर्शित किया जाना, महिलाओं के लिए नि:शुल्क ड्रायविंग लायसेंस की व्यवस्था प्रदान की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने उपार्जन की स्थिति की समीक्षा की और अभी तक उपार्जन की समीक्षा कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कृषकों की सुविधा के लिए सभी उपार्जन केन्द्रों पर सर्वेयर्स, भण्डारण, खाद के स्टॉक की स्थिति आदि के बारे में सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये। डबल लॉक वाईस युरिया के स्टॅाक की समीक्षा करते हुए समस्त एसडीएम को निर्देश दिये कि वे उनके अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत युरिया, डीएपी, एनपीके कॉम्पलेक्स के स्टॅाक की समय समय पर समीक्षा कर उपलब्धता सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री आवास एवं मुख्यमंत्री ऑफिस से प्राप्त शिकायतों के निराकरण की समीक्षा कर सभी शिकायतों के निराकरण के निर्देश दिए। इसी क्रम में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा कर कलेक्टर ने सभी विभागों को प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने नॉन अटेंडेड शिकायत रहने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध करवाई करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में विभिन्न विभागों के अंतर्गत निर्माणाधीन विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री सिंह ने नानाखेड़ा स्थित स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के संचालन व्यवस्थाओं पर आवश्यक दिशा निर्देश जिला खेल अधिकारी को दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने क्लोज डक्ट परियोजना, मेडिसिटी कार्य सहित लोक निर्माण विभाग के हरिफाटक चंदूखेड़ी मार्ग, लालपुल चिन्तामन गणेश मार्ग, बड़ा पुल रणजीत हनुमान मोजमखेड़ी मार्ग, सदावल हेलीपेड मार्ग, करोहन नलखेड़ा, तपोभूमि हामूखेड़ी मार्ग आदि कार्यों की कार्ययोजना की प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिन प्रकरणों में भूमि आवंटन अथवा अधिग्रहण किया जाना है उनका शीघ्र अतिशीघ्र निराकरण कर आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज करना सुनिश्चित करे।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत जयति सिंह, अपर कलेक्टर एमएस कवचे, अनुकूल जैन, नगर निगम आयुक्त आशीष पाठक, सीईओ स्मार्ट सिटी संदीप शिवा, समस्त एसडीएम तथा सभी विभागों के जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
