
सीडीओ नीरज श्रीवास्तव ने संविधान दिवस भव्य स्तर पर मनाए जाने हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश।
RKTV NEWS/बागपत(उत्तर प्रदेश)24 नवंबर। शासन के निर्देशानुसार इस वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस के 75वें वर्षगांठ के उपलक्ष्य में जिलेभर में विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे जिसके लिए शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान को सफल बनाए जाने हेतु निर्देशित किया। वहीं संविधान दिवस से हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान अभियान का भी शुभारंभ होगा जिसके तहत वर्षपर्यंत विभिन्न कार्यकम आयोजित कर नागरिकों में कर्तव्य की भावना और विकास में जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि संविधान की प्रस्तावना, संविधान को जानना, संविधान का निर्माण और संविधान की महिमा के जश्न पर केंद्रित गतिविधियों का आयोजन होगा जिसमें माय भारत स्वयंसेवकों की सहभागिता से संविधान स्वाभिमान यात्रा, ग्राम पंचायतों एवं नगरों में सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का पाठन, संविधान आधारित फिल्मों का प्रसारण, संविधान संबंधी प्रदर्शनी, नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों का पाठन, स्कूल कॉलेजों में नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा संवैधानिक मुद्दों पर शैक्षिक कार्यक्रमों का आयोजन युवाओं की सहभागिता से किया जाएगा। कार्यक्रम आयोजन संबंधी सभी रिपोर्ट्स को मेरा युवा भारत प्लेटफार्म पर अपलोड किया जाएगा।
वहीं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संविधान दिवस के 75वें वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 25 नवंबर को नई दिल्ली में हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देशभर के 10,000 युवा भाग लेंगे। बागपत जिले से 200 युवाओं को इस पदयात्रा में शामिल होने का निमंत्रण मिला है। बागपत से चयनित 200 युवाओं को दो बसों के माध्यम से दिल्ली भेजा जाएगा। पदयात्रा का शुभारंभ नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम से होगा, जहां युवा इंडिया गेट तक पदयात्रा करेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान, 10,000 युवा एक साथ संविधान की प्रस्तावना का पाठ करेंगे और लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करेंगे। इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं में भारतीय संविधान की महत्वता को बढ़ावा देना है, ताकि उनमें कर्तव्यबोध और राष्ट्रीय आदर्शों के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित किया जा सके। जिला युवा अधिकारी अरुण तिवारी ने बताया कि इच्छुक युवा 24 नवंबर शाम 5 बजे तक मेरा युवा भारत पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदकों की आयु 15 से 29 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। यह कार्यक्रम विकसित भारत में युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया जा रहा है।
बैठक में जिला विकास अधिकारी अखिलेश चौबे, जिला पंचायती राज अधिकारी अरुण अत्री, बेसिक शिक्षा अधिकारी गीता चौधरी, जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी, माय भारत यूथ लीडर अमन कुमार आदि मौजूद रहे।
