
RKTV NEWS/आरा (भोजपुर)19 नवंबर। आज जिला पदाधिकारी, भोजपुर तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कृषि से संबंधित विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।
कृषि इनपुट से जुड़े लंबित आवेदनों पर चर्चा करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि सभी आवेदनों का सत्यापन तीन दिनों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। इस पर जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में आवेदन लंबित नहीं रहना चाहिए।
रबी 2024 के बीज वितरण पर जानकारी देते हुए जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जिले को 6775.60 क्विंटल बीज प्राप्त हुआ है, जिसमें से अब तक 1500.48 क्विंटल बीज वितरित किया जा चुका है। गेहूं, चना, मसूर, गटर और राई सरसों के बीजों का वितरण किया जा रहा है। फसल कटनी की समीक्षा में बताया गया कि अब तक जिले में 5% फसल कटनी पूरी हो चुकी है।
उर्वरकों के भंडारण की स्थिति पर चर्चा करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि इस संबंध में विभाग को पत्र लिखा गया है। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को उर्वरक के अनियमित भंडारण की छापेमारी के लिए पत्र निर्गत किए जाएं।
इसके अलावा, टॉप 20 सत्यापन की समीक्षा में जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि सत्यापन के लिए सभी अनुमंडल कृषि पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं, और यह कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। बैठक में जिले के कृषि योजनाओं और लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
