
RKTV NEWS/बक्सर (बिहार)04 नवंबर।आस्था, संस्कृति एवं सूर्योपासना के महापर्व के अवसर पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ आज जिला दंडाधिकारी बक्सर, अंशुल अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक बक्सर, शुभम आर्य के द्वारा संयुक्त रूप से जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (DRCC) बक्सर में ब्रीफिंग किया गया।
छठ पूजा दिनांक 05.11.2024 को नहाय खाय से प्रारंभ होकर दिनांक 06.11.2024 को खरना, दिनांक 07.11.2024 को प्रथम अर्ध्य (संध्याकालीन) एवं दिनांक 08.11.2024 को द्वितीय अर्ध्य (प्रातःकालीन) के साथ सम्पन्न होगा।
छठ पर्व के अवसर पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु 126 स्टैटिक दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी, 28 गश्ती दल दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी, घाटों के सम्पर्क पथ सुरक्षा हेतु 18 दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी, 04 जोनल दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी, गंगा नदी में 02 गश्ती पदाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी एवं 15 क्यू0आर0टी0 की प्रतिनियुक्ति की गई है।
सभी कार्यपालक पदाधिकारी नगर निकाय बक्सर जिला को नगर क्षेत्र में एवं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों में सभी घाटों पर मजबूत बल्लों से सुरक्षात्मक बैरिकेटिंग का कार्य अंतिम रूप से छठ पर्व से 2 दिन पूर्व कराना सुनिश्चित करेंगे। सभी खतरनाक नदी घाटों को चिन्हित कर चौकीदार के माध्यम से निगरानी कराना सुनिश्चित करेंगे।
ग्रामीण इलाकों में छठ घाटों यथा पोखरा, नदी, नाहर, आहर आदि के किनारे छठ व्रतियों द्वारा छठ किया जाता है सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी एवं सभी थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया कि अपने स्तर से पंचायत स्तरीय अपने अधीनस्थ कर्मी यथा विकास मित्र, आवास सहायक, पंचायत रोजगार सेवक, पंचायत सचिव, हल्का कर्मचारी, किसान सलाहकार, चौकीदार, दफादार एवं पुलिस कर्मी आदि को छठ घाटों पर प्रतिनियुक्ति करते हुए विधि व्यवस्था संधारित करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही ग्रामीण इलाके के छठ घाटों पर भ्रमणशील भी रहेंगे।
सभी कार्यपालक पदाधिकारी नगर निकाय को निर्देश दिया गया के घाटों एवं घाट तक जाने वाले मुख्य/संपर्क पथों की साफ सफाई भी प्रमुखता से दो दिन पूर्व ही करा लेंगे तथा उसके पश्चात भी नियमित रूप से घाटों की साफ सफाई अनवरत जारी रखेंगे। ताकि छठ व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। घाटों की साफ सफाई हेतु जिला नियंत्रण कक्ष एवं क्विक रिस्पांस टीम में सफाई कर्मियों का एक दल मौजूद रखने का निर्देश दिया गया।
सभी कार्यपालक पदाधिकारी नगर निकाय को निर्देश दिया गया कि निर्बाध रूप से सभी घाटों एवं संपर्क पथों पर संपूर्ण रोशनी की व्यवस्था, महत्वपूर्ण घाटों/स्थलों पर सी0सी0टी0वी0 का अधिष्ठापन, वीडियोग्राफर की प्रतिनियुक्ति एवं ड्रोन का संचालन कराना सुनिश्चित करेंगे। अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराँव इसका पर्यवेक्षण करेंगे।
सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को निर्देश दिया गया के अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत पूजा समितियों से समन्वय स्थापित कर छठ घाटों का निरीक्षण कर संतुष्ट हो लेंगे कि घाटों पर पहुंचने वाले मार्गो एवं घाट की साफ सफाई अच्छी तरह से की गई है।
सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि घाटों पर सम्पर्क पथ पर मुख्य पथ के जंक्शन से घाट तक निर्बाध रूप से गतिशील होकर असामाजिक तत्वों पर कडी नजर रखेंगे। साथ ही सम्पर्क पथ पर किसी स्थान पर भीड होने की स्थिति में अविलंब भीड को नियंत्रित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव को निर्देश दिया गया कि सभी महत्वपूर्ण घाटों पर अनिवार्यत: नाव, नाविक, प्रशिक्षित गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति कराना सुनिश्चित करेंगे एवं खतरनाक घाटों पर लाल फीता लगवाना सुनिश्चित करेंगे। प्रतिनियुक्ति सभी नावों एवं मोटर वोटो पर अतिरिक्त लाइफ जैकेट भी होने चाहिए ताकि आवश्यकतानुरूप उपयोग में लाया जा सके। इन नावों के माध्यम से इस बात पर भी निगरानी रखी जाएगी की कोई व्यक्ति बैरिकेटिंग के अंदर अधिक समय तक न रहे अथवा बैरिकेटिंग के आगे भी न आए।
छठ पर्व के अवसर पर सभी घाटों पर निजी नाव के परिचालन पर पूर्णत प्रतिबंध रहेगा। अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव को निर्देश दिया गया के इसके लिए अपने स्तर से आदेश निर्गत करेंगे एवं अंचलाधिकारी के माध्यम से निगरानी रखना सुनिश्चित करेंगे।
बक्सर एवं डुमराँव शहरी क्षेत्र में महत्वपूर्ण छठ घाटों के समीप वाहन पार्किंग की व्यवस्था एवं ट्रैफिक प्लान पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) बक्सर, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराँव तैयार करेंगे। छठ पर्व के अवसर पर बक्सर एवं डुमराँव शहर में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने हेतु लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की जायेगी।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी/अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराँव को निर्देश दिया गया कि छठ के आयोजन में संलग्न पूजा समिति एवं स्वयंसेवकों/वॉलिंटियर की सूची प्राप्त कर लेंगे एवं उसे थानाध्यक्ष के माध्यम से सत्यापित कर लेंगे।
कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल बक्सर को निर्देश दिया गया कि अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव से समन्वय स्थापित कर प्रमुख घाटों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर वॉच टावर का निर्माण कराना सुनिश्चित करेंगे।
कार्यपालक अभियंता लोक स्वास्थ्य प्रमंडल बक्सर एवं कार्यपालक पदाधिकारी नगर निकाय को निर्देश दिया गया कि सभी प्रमुख घाटों पर पानी टैंकर के माध्यम से स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करेंगे। कार्यपालक पदाधिकारी नगर निकाय एवं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चिन्हित छठ घाटों पर अस्थाई चेंजिंग रूम बनवाने हेतु सभी आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल बक्सर, कार्यपालक अभियंता ग्रामीण कार्य प्रमंडल बक्सर एवं डुमरांव एवं सभी कार्यपालक पदाधिकारी नगर निकाय को निर्देश दिया गया कि अपने अपने क्षेत्र अंतर्गत घाट पर जाने वाले प्रमुख सड़कों की आवश्यक मरम्मती अविलंब कराना सुनिश्चित करेंगे। ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो सके।
कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर को निर्देश दिया गया कि छठ पर्व के दौरान निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराएंगे।
असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी बक्सर को निर्देश दिया गया कि सभी प्राथमिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, अनुमंडलीय अस्पताल डुमरांव एवं सदर अस्पताल बक्सर में 24×7 चिकित्सक, पारामेडिकल टीम, चिकित्सा कर्मी की प्रतिनियुक्ति जीवन रक्षक दवाओं एवं चिकित्सा जांच हेतु सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगे। बक्सर एवं डुमरांव शहर के प्रमुख घाटों पर स्थापित प्रत्येक अस्थाई नियंत्रण कक्ष में भी QMRT का गठन करना सुनिश्चित करेंगे। सभी सरकारी एंबुलेंस में चिकित्सक, चिकित्सा कर्मी, जीवन रक्षक दवाएं, ऑक्सीजन सिलेंडर, स्ट्रक्चर, आदि सहित तैयार स्थिति में रखेंगे ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में उपयोग में लाया जा सके। इसके साथ-साथ सभी अस्पतालों में ऑक्सीजन की सुविधा भी उपलब्ध रखेंगे एवं रेड क्रॉस के साथ समन्वय स्थापित कर ब्लड बैंक में पर्याप्त मात्रा में रक्त की उपलब्धता भी सुनिश्चित करेंगे।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि किसी भी प्रकार की आगजनी की आकस्मिक घटना से निपटने के लिए फायर टेंडर पूर्व से तैयारी हालत में रखेंगे। उसके पानी भरने के स्थान को भी पूर्व से चिन्हित कर तैयारी हालत में रखेंगे। मॉडल थाना बक्सर एवं डुमरांव थाना में अग्निशमक वाहन तैयार हालत में रखेंगे तथा इसके साथ अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव से विमर्श कर फायर टेंडर को ऐसे स्थान पर रखेंगे जहां से किसी भी स्थान पर जाने में काम से कम समय लगे।
पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया कि होटल, लॉज, धर्मशाला, सराय, बस स्टैण्ड, रेलवे स्टेशन आदि की जांच आवश्यक रूप से कर ली जाए। प्रत्येक घाट पर एक ऊंची जगह/मकान/टावर इत्यादि का चयन पूर्व में ही कर लिया जाए। वहां पुलिस कर्मी की प्रतिनियुक्ति की जाए।
परिचारी प्रवर पुलिस केन्द्र बक्सर ब्रज वाहन एवं दंगा निरोध पार्टी की प्रतिनियुक्ति अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराँव के निर्देशानुसार कार्य का संपादन करेंगे। साथ ही आवश्यकतानुसार प्रमुख घाटों पर प्रतिनियुक्ति पुलिस पदाधिकारी को पर्याप्त संख्या में मेटल डिटेक्टर उपलब्ध करा देंगे ताकि जिस समय जन समूह घाटों पर पहुंच रहे होंगे तो उसे समय प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी मेटल डिटेक्टर से औचक रूप से जांच करते रहेंगे।
पुलिस उपाधीक्षक, साईबर थाना बक्सर, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराँव सोशल मीडिया पर साईबर सेनानी व्हाटसअप ग्रुप के माध्यम से लगातार नजर बनाये रखेंगे एवं आवश्यकतानुसार विधि सम्मवत कार्रवाई करेंगे।
जिला नियंत्रण कक्ष बक्सर समाहरणालय परिसर अवस्थित जिला आपदा शाखा बक्सर में कार्यरत रहेगा। जिसका दूरभाष संख्या 06183-223333 है।
