
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 29 सितम्बर। भोजपुर जिले के शाहपुर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी के कथित मनमानी एवं तानाशाही पूर्ण रवैये के विरुद्ध मुख्य पार्षद जुगनू देवी तथा अन्य चार पार्षदों ने नगर पंचायत कार्यालय के मुख्य गेट के सामने धरना दिया और मेन गेट में तालाबंदी कर विरोध जताया। मुख्य पार्षद जुगनू देवी ने नगर पंचायत के मेन गेट के सामने बैठकर कार्यपालक पदाधिकारी की कार्यशैली के विरुद्ध तालाबंदी कर दिया और धरना दिया। कार्यपालक पदाधिकारी सहित नगर पंचायत कार्यालय के अन्य कर्मियों को कार्यालय मे बंद रखा गया। मुख्य पार्षद का कहना है कि कार्यपालक पदाधिकारी ने नक्शा पास करने, कंबीर अंत्येष्टि सहित नगर पंचायत के विकास कार्य को अवरुद्ध कर दिया है। उन्होंने कहा कि कार्यपालक पदाधिकारी बहाना बनाकर कार्यालय से गायब रहते हैं तथा फोन करने पर मीटिंग मे रहने की बात कहते हैं।

कार्यपालक पदाधिकारी नेशात आलम ने मुख्य पार्षद जुगनू देवी सहित अन्य पार्षदों से कहा कि नियम संगत जो भी काम होगा किया जायेगा। इसके बाद मुख्य पार्षद सहित अन्य पार्षद धरना समाप्त कर चले गये। वहीं दूसरी तरफ कार्यपालक पदाधिकारी नेशात आलम ने बताया कि मेरे संज्ञान में जो भी काम आता है उसका तुरंत निष्पादन किया जाता है। दबाव में गलत काम नहीं कराया जा सकता है। कार्यपालक पदाधिकारी नेशात आलम ने कहा कि मेरे ऊपर लगाये गये आरोप बेबुनियाद, मनगढ़ंत एवं राजनीति से प्रेरित हैं तथा गलत काम करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है और मनमानी का आरोप लगाया जा रहा है। धरना देने वालों में मुख्य पार्षद जुगनू देवी, वार्ड पार्षद मनोज पासवान, शाहिद अनवर उर्फ सगीर, देवांती देवी, संजय चतुर्वेदी आदि शामिल थे।
