RKTV NEWS/आरा (भोजपुर) 08 अप्रैल।जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक भोजपुर की संयुक्त अध्यक्षता में ईद, चैती छठ एवं रामनवमी के उपलक्ष्य पर जिला समहाणालय, भोजपुर के सभागार में विभिन्न धार्मिक संयोजको एवं सदस्यों के साथ शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें जिला पदाधिकारी के साथ..साथ पुलिस अधीक्षक एवं जिले के सभी वरीय पदाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।शांति समिति का आयोजन लोकसभा आम निर्वाचन/विधानसभा उप चुनाव 2024 के मद्देनजर एवं ईद ,रामनवमी ,चैती छठ के उपलक्ष में बुलाया गया था। इस बैठक का उद्देश्य तीनों पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपुर्ण संपन्न कराया जाना था। जिससे जिले की विधि व्यवस्था बनी रहे। ज्ञातव्य है कि 09.04.2024 से नवरात्रि की शुरुआत हो रही है। 9 से लेकर के 17 अप्रैल तक चार पर्व मनाये जाएंगे संभवत 10 या 11 को ईद का त्यौहार मनाया जाएगा तथा 12 को चैती छठ का आयोजन किया जायेगा। इसी प्रकार 17 तारीख को रामनवमी की शोभा यात्रा निकाली जाएगी ,रामनवमी शोभा यात्रा के 27 पॉइंट है जहां से शोभा यात्रा गुजरेगी।
मुख्यालय स्तर पर 6 थाना है। नगर थाना क्षेत्र में मुख्य रूप से यह शोभायात्रा गुजरती है । 10 बजे महादेवा स्थित कार्यालय से रथ निकलकर रामगढ़िया से आरती होने बाद वहाँ से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न हिस्सो में होती हुई रमना मैदान में संपन्न होती है। इस शोभायात्रा के निकालने में सबसे अधिक जवाबदेही शांति समिति के लोगों की होती है।शांति समिति के लोगों का विचार था कि निम्न बिंदुओं पर कार्रवाई की जाए पहले भारी वाहनों का प्रवेश शहर के अंदर निषेध हो जगह- जगह पर ड्राॅप गेट बनाया जाए। नगर आयुक्त से अनुरोध था कि निचले स्तर पर झुके हुए वैसे तारों को बदल दिया जाए। बिजली की सप्लाई कब होगी और कब कटेगी इसकी भी जानकारी दी जाए। बैठक में अनुरोध किया गया की शोभायात्रा के दौरान मेडिकल टीम और चालक एंबुलेंस की व्यवस्था की जाए अग्निशमन विभाग से भी अनुरोध किया गया कि पानी की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। शांति समिति के लोगों का विचार था कि 16 तारीख अष्टमी के दिन 3 बजे सुबह से ही भीड़ होती है इसीलिए मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती हो। बड़ी मस्जिद में 8ः00 बजे, मौला बाग ईदगाह में 8ः30 बजे सुबह नमाज होगी इसीलिए शांति समिति का विचार था कि मस्जिद के एवं ईदगाह के आसपास सफाई की व्यवस्था हो पानी के टैंकर की व्यवस्था हो जिससे नमाजी नमाज पढ़ सके। शांति समिति के मोहम्मद इकराम का कहना था कि मठिया से शोभा यात्रा निकलता है और महादेवा में बड़ी गाड़ी होने के कारण शोभा यात्रा फँस जाता है इसलिए बड़ी गाड़ियों में शोभा यात्रा ना निकाला जाए। शांति समिति के लोगों का मानना है कि शोभा यात्रा में दो लाख आदमी सम्मिलित होते हैं। इसके अलावा आरा शहर में नशा की समस्या बड़ी भयंकर हो रही है युवा लोग नशा कर रहे हैं और वह शोभा यात्रा में परेशानियाँ कर सकते हैं उनका मानना था कि शांति समिति के सदस्यों का भी एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए इसके अलावा शोभायात्रा में रथ के आगे चिता फोर्स की व्यवस्था की जाए जिससे कि शोभायात्रा में परेशानियाँ ना हो।
शोभा यात्रा में होमगार्ड के भी जवान लगाया जाए गलियों की बेरीकेटिंग की जाए, गोपाली चौक, डाबर गली ,अहीरपूर्वा के गलियों को बैरिकेड किया जाए। शांति समिति के लोगों ने बताया कि प्रदीप होटल के पास स्टॉल लगाया जाता है और शरबत पिलाया जाता है लेकिन समस्या वही है कि 18 से 24 वर्ष के बच्चे जो बाइक राइडिंग करते हैं इस पर रोक लगाई जाए। शांति समिति के सदस्य शंभू जी द्वारा बताया गया कि रामनवमी का यह 24वां वर्ष है जो शोभायात्रा महादेवा के बाबू बाजार से 10ः30 बजे निकलता है रामगढ़िया में 12 बजे इसकी आरती पूजा होती है।उसके बाद आरण्य देवी मंदिर ,गोपाली चौक, जेल रोड, शिवगंज, मठिया, महादेवा,धर्मन चौक,नगर थाना महावीर टोला,कर्मन टोला,नवादा स्टेशन,ब्लॉक रोड,पकड़ी चौक पर जाकर के इसकी पूजा अर्चना होती है तथा रमना मैदान में यह समाप्त हो जाता है। बैठक में बताया गया की इस बार झांकियां लगभग 42 से 43 होगी।
शांति समिति के लोगों द्वारा सोशल मीडिया के फेक न्यूज़ पर भी ध्यान देने की बात कही गई है। उनका मानना था कि प्रशासन द्वारा कोई फोन नंबर जारी किया जाए जिसकी सूचना प्रशासन को दिया जा सके तथा फेक न्यूज़ पर रोक लगाई जा सके।
इस बैठक में उप विकास आयुक्त विक्रम वीरकर, अपर समहार्ता, मनोज झा, नगर आयुक्त, सभी अनुमंडल के अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सहायक पुलिस अधीक्षक, सभी थानों के थानाध्यक्ष के साथ-साथ जिला के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थें।

