बच्चों के वर्ष भर की मेहनत व लगन का परिणाम है प्रदर्शनी : नीशू जायसवाल
आरा/भोजपुर 09 नवंबर।आज स्थानीय बी.एस.डीएवी.प.स्कूल में दीपावली, भैया दूज, छठ पर्व और बाल-दिवस के पूर्व सांस्कृतिक कार्यक्रम व विज्ञान सह कला-शिल्प प्रदर्शनी का वृहद आयोजन हुआ। त्योहारों की खुशी और अपने विज्ञान व कला के प्रति गहरी रूचि की वजह से अधिकांश विद्यार्थियों ने अवकाश से पूर्व इस आयोजन में भारी संख्या में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि भोजपुर जनपद के ख्याति प्राप्त हड्डी रोग विशेषज्ञ डा.कुमार जितेंद्र ,सम्मानित अतिथि राममूर्ति प्रसाद व प्राचार्य डीएवी., मोहनिया पी.सी.दास तथा प्रधानाचार्या , बी.एस.डीएवी. नीशू जायसवाल ने सम्मिलित रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर के किया।
परिसर में उपस्थित परिजनों व बच्चों को संबोधित करते हुए डा.कुमार जितेंद्र ने कहा कि बच्चों के इस आयोजन का संदेश अत्यंत व्यापक है। यह आयोजन एक ओर जीवन में प्रकाश,पवित्रता और बंधुत्व का संदेश देता है तो, वही यहाँ लगी विज्ञान व कला-शिल्प प्रदर्शनी के सहारे नई पीढ़ी की अभिरुचि व आधुनिक दृष्टि का भी पता चलता है।
अतिथि मूर्ति प्रसाद ने बच्चों को कार्यक्रम की बधाई दी और उनके प्रत्येक आयोजन में अपनी उपस्थिति का वायदा किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य, डीएवी., मोहनिया पी.सी.दास ने परिसर में बच्चों व अभिभावकों की बड़ी उपस्थिति से खुश होकर कहा कि एक साथ हजारों गुलाबों का खिलना देखना हो तो किसी गुलाब बाग में जाने की जरूरत नहीं, ऐसे अवसरों पर विद्यालय में हीं उपस्थित होकर देखा जा सकता है।
उन्हों ने बच्चों की वैज्ञानिक चेतना और सांस्कृतिक अभिरूचि की प्रशंसा की।
इस अवसर पर विद्यालय प्रधानाचार्या ने सभी अतिथियों व अभिभावकों का स्वागत व आभार व्यक्त किया। सबको आनेवाले त्योहारों की बधाई दी।
छात्र-छात्राओं ने आयोजन की शुरुआत क्रमश: दीपावली, भाई दूज और छठ महापर्व की सामूहिक झलकियों को गीत-नृत्य के रूप में प्रस्तुत कर के किया।
अभिभावकों ने त्योहारों पर आधारित इन कार्यक्रमों का खूब आनंद लिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुति के बाद विज्ञान सह कला-शिल्प प्रदर्शनी की ओर भीड़ चली तो परिजनों, अतिथियों व छात्र-छात्राओं की आँखें देखते न थक रही थी। विद्यालय के सभागार में सैकड़ो की तादाद में प्रदर्शित स्टेटिक व वर्किंग प्रोजेक्ट्स आकर्षण के केंद्र बने रहे। इस प्रदर्शनी में टेरेस फॉर्मिंग, चंद्रयान, प्रदूषण शोषक, नवीकरणीय उर्जा के स्रोत, होलोग्राम, रोबोट, मानव लंग्स, ह्यूमन आई जैसे प्रोजेक्ट की काफी सराहना हुई। वहीं आर्ट एण्ड क्राफ्ट दीर्घा में राम मंदिर, लिप्पन आर्ट(राजस्थानी) मंडाला आर्ट, मिथिला कला आदि की उपस्थिति भी दर्शकों को आकर्षित कर रही थी।
विज्ञान प्रदर्शनी में कृति , पीयूष,समृद्धि, टान्या, सुरभि, आद्या,आश्वी, रिया, खुशबू, प्रकाश, अमृत,आमिर, सांभवी,काव्या, गुनगुन सिद्धार्थ, वेदांत आदि के प्रयासों ने लोगों को आकर्षित किया। वहीं श्रेया ,विशाल, श्रुति, हर्षि, सिद्धि आदि के चित्र व मॉडल खूब प्रशंसनीय रहे।
विज्ञान प्रदर्शनी शिक्षक सुनील मिश्र, मनीषा कुमारी, सचिन पाठक,राकेश रंजन, एच.स्मित,शशि कुमार तथा कला प्रदर्शनी शिवा स्रोत्रीय, किरण कुमारी, काजल कुमारी आदि के कुशल निर्देशन और प्रधानाचार्या नीशू जायसवाल की प्रेरणा से यह तैयारी संभव हो सकी।
परिसर से बाहर निकल रहे प्रत्येक चेहरों को देखकर यही लग रहा था जैसे भीतर छठ महापर्व का लोक स्वर बज रहा हो। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन कृति कुमारी और प्रेमप्रकाश ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम सफल रहा।



बच्चों के वर्ष भर की मेहनत व लगन का परिणाम है प्रदर्शनी : नीशू जायसवाल