बागपत/उत्तर प्रदेश 14 सितंबर।समग्र शिक्षा अभियान (मा० ) में रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण के अन्तर्गत जनपद के 16 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं के आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रदान किये जाने के संबंध में आज जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए ।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा आत्म रक्षा प्रशिक्षण एक जीवन कौशल है जो बालिकाओं में आत्म विश्वास पैदा करने उनको आपने परिवेश के बारे में जागरूक होने एवं किसी भी अत्याशित घटना के बचाव के लिए तैयार रहने मदद करता है। आत्म रक्षा प्रशिक्षण के माध्यम से बालिकाओं को संकट के समय अपनी रक्षा के लिए मनोवैज्ञानिक, बौद्धिक एवं शारीरिक रूप से मजबूत बनना सिखाया जाता है। आत्म रक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत बालिकाओं को विपरीत परिस्थितियों से सामना करने हेतु मानसिक एवं शारीरिक रूप से सशक्त बनाते हुए प्रशिक्षित ट्रेनर्स के माध्यम से मार्शल आर्ट यथा जूडो, ताइक्वांडो, कराटे आदि के माध्यम से उनमें जीवन कौशल का विकास किया जाता है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जनपद में संचालित 16 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं के आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रदान हेतु अंकन रू०- 15000/- प्रति विद्यालय की दर से कुल अंकन रू०- 240000/- की स्वीकृति प्रदान की गयी है। प्रशिक्षण कराये जाने हेतु दिनांक 25 सितम्बर, 2023 तक प्रशिक्षकों का चयन किया जाना है। प्रशिक्षण हेतु ऐसे खिलाडियों का चयन किया जायेगा जिसके पास मार्शल आर्ट में ब्लैक बेल्ट योग्यता प्रमाण-पत्र हो। एक प्रशिक्षक अधिकतम् तीन विद्यालयों में उपस्थित होकर प्रशिक्षण कराया जा सकता है। प्रशिक्षक को
तीन माह हेतु अधिकतम 12000/- मानदेय दिया जायेगा। प्रत्येक विद्यालय में प्रशिक्षण 03 माह अक्टूबर, नवम्बर दिसम्बर 2023 तक संचालित किया जायेगा।
जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग द्वारा उपस्थित उपाधीक्षक को निर्देशित किया कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण हेतु चयनित विद्यालयों में अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से बालिकाओं को साइबर क्राइम से बचने, असामाजिक तत्वों से बचने, बालिकाओं को हेल्प लाइन नम्बरों- 1090 ,112, 108 तथा क्षेत्रीय महिला थाना नम्बरों की जानकारी प्रदान की जाऐ तथा पुलिस विभाग के माध्यम से विद्यालयों में प्रेरणात्मक कार्यक्रम भी संचालित कराये जाये।
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण का माह वार ट्रेनिंग मॉड्यूल / पी०पी०टी० तैयार कर विद्यालयों को उपलब्ध करायी जाएं और पंपलेट पोस्टर भी जागरूकता के उद्देश्य लगाए जाएं तथा विद्यालय स्तर पर उक्त कार्यक्रम हेतु 02 महिला शिक्षिकाओं को नामित किया जाए, जो बालिकाओं से संवाद स्थापित कर बालिकाओं की मनोवैज्ञानिक एवं सामाजिक संवेदनाओं का पता लगाकर सही दिशा प्रदान करने हेतु परिचर्चा करना तथा किशोरावस्था की स्वास्थ्य सम्बन्धी भी प्रदान करेंगी।
जिलाधिकारी ने जिला क्रीडा अधिकारी, बागपत को निर्देशित किया कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण हेतु आवश्यतानुसार इच्छुक महिला प्रशिक्षकों/ खिलाडियों की सूची जिला विद्यालय निरीक्षक, बागपत को दिनांक 15-09-2023 तक उपलब्ध कराऐंगी। जिसके उपरान्त पूर्ण पारदर्शिता के अनुसार जनपदीय समिति द्वारा प्रशिक्षकों का चयन दिनांक 25-09-2023 तक किया जायेगा। सभी चयनित विद्यालयों में निर्धारित समय के अनुसार प्रशिक्षण पूर्ण कराने के निर्देश दिये गये ।
इस अवसर पर धर्मेन्द्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक, बागपत,अंजू तेवतिया, पुलिस उपाधीक्षक, बागपत, डॉ० प्रीति शर्मा, प्रधानाचार्या, रा०क०इ० का०, बागपत, जिला युवा कल्याण अधिकारी, बागपत, सरिता, जिला क्रीडाधिकारी, बागपत धर्मेन्द्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक, बागपत, नितिन कुमार, जिला समन्वयक, समग्र शिक्षा (मा० ), उपस्थिति रहें।
