पटना/बिहार (अनिल सिंह) 22 जुलाई। देश स्तर पर चर्चा का विषय बने फैलते धार्मिक उन्मादों, बढ़ती महंगाई,स्थिर रोजगार और आमजनों को हो रही समस्याओं के मद्देनजर आज RKTV से एक विशेष वार्ता में बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य पासवान ने देश के हालातों पर इसके निदान के लिए कांग्रेस पार्टी को ही एक मात्र विकल्प बताते हुए कहा की भारतीय कांग्रेस पार्टी ने भारत के लोगों को एकजुट किया , उनमें एक-दूसरे पर भरोसा करना सिखाया और स्वतंत्रता आंदोलन में जन-जन की भागीदारी को सुनिश्चित किया !तत्पश्चात भारत 1947 में स्वतंत्र हुआ।
स्वतंत्र भारत विकट परिस्थितियों से जूझ रहा था
आदित्य पासवान ने बताया की बदहाल भारत को अंग्रेज छोड़ कर गए थे ,अन्न तक का संकट था , कोई उद्योग नहीं था और देश की अर्थव्यवस्था के नाम पर कंगाल भारत अंग्रेज दे गए थे।कांग्रेस ने सभी भारतवासियों में प्रेरणा का संचरण किया और सभी को विश्वास दिलाया कि जल्द ही हम नया भारत बनाएंगे ।उदयभान भारत का दृढ़संकल्प ले कर कांग्रेस ने कुछ ही वर्षों में भारत को विकासशील देश में तब्दील कर दिया । कांग्रेस के कुछ महान नेताओं ने अपने दूरदर्शिता से बदहाल भारत की तस्वीर बदल दी , उन्होंने देश के लोगों को एकजुट कर देश के विकास में योगदान करने को प्रेरित किया ।
सत्ता की लालसा में देश और लोकतंत्र की बलि
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा की आज देश में बीजेपी का शासन है लेकिन देश में जिस तरह से धार्मिक उन्माद पैदा किया जा रहा है वह देश के विकास में बाधक बन रही है । उद्योगपतियों के इशारे पर सरकार काम कर रही है इसलिए महंगाई चरम पर है ।बीजेपी ने किसानों , मजदूरों और मध्यम वर्ग के लोगों को छोड़ उद्योगपतियों का साथ देना पसंद किया !
मजदूर , किसान , मध्यम वर्ग इन्हे सिर्फ चुनाव के वक्त याद आता है। देश की राजनीति की तस्वीर को ही धूमिल करती जा रही है केंद्र की सत्ता और लोगो को धुंध में विकास की एक ऐसी परछाई को दिखाया जा रहा है जिसकी वास्तविक विकास की छवि कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों की है ।आज के युग के भारत में कांग्रेस पार्टी की भूमिका की प्रासंगिकता का सवाल भी उठाया जाता है की क्यों कांग्रेस ?
आज की परिस्थिति को बदल सकती है
आदित्य पासवान ने कहा की भारत के अपने वजूद को बनाए रखने और विकास की ओर अग्रसर करने के लिए कांग्रेस जैसी सोच की जरूरत है ।
कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जिसने लोगों में एकता और विश्वास को बढ़ावा दिया और उनकी पूरी कार्यक्षमता का भारत के विकास में योगदान कराया । सभी भारतवासियों में भाईचारे की नींव को मजबूती प्रदान की और विभिन्नताओं के भारत को एकता और अखंडता प्रदान की। कांग्रेस ने हमेशा से दबे-कुचले और शोषितों को मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य किया है । बेरोजगारी को दूर करना मुख्य उद्देश्य बना कर उसे दूर करने को प्राथमिकता दी है।
देशहित में आग्रह
यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष ने आग्रह पूर्वक कहा की आज कांग्रेस की एकतावादी , सौहार्दपूर्ण और विकासवादी सोच को अपनाकर, भारत के विकास में योगदान करने की जरूरत है।
