
RKTV NEWS/आरा(भोजपुर)14 अक्टूबर। जिला पदाधिकारी, भोजपुर मनेश कुमार मीणा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जमाबंदी सुधार एवं उत्तराधिकार नामांतरण विशेष अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जमाबंदियों में छूटे लगान, रकबा, खाता एवं खेसरा विवरण दर्ज करने तथा त्रुटियों के सुधार की अंचलवार प्रगति की समीक्षा की गई। राजस्व महा-अभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों, नामांतरण एवं उत्तराधिकार नामांतरण, परिमार्जन, ई-मापी तथा जमाबंदियों की आधार सीडिंग के कार्यों पर भी चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान लंबित मामलों, विशेषकर लंबे समय से लंबित आवेदनों के प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन तथा धीमी प्रगति वाले अंचलों में कार्य को गति देने पर बल दिया गया। आम नागरिकों को भूमि संबंधी सेवाएँ पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के लिए नियमित निगरानी एवं आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में अपर समाहर्त्ता, भोजपुर, सभी भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, प्रभारी पदाधिकारी, जिला राजस्व प्रशाखा, सभी अंचलाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
