शिक्षा के क्षेत्र में 75 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा उपलब्धि, अनुशासन, संयम एवं समर्पण को बनाया जाए सफलता का आधार : उपायुक्त
RKTV NEWS/दुमका ( झारखंड)06 अक्टूबर।संत टेरेसा स्कूल, दुमका के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्लेटिनियम जुबली समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि उपायुक्त अभिजीत सिन्हा द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त ने विद्यालय के 75वें वर्ष में प्रवेश करने पर स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
75 वर्षों की यात्रा अपने आप में गौरवपूर्ण उपलब्धि
उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान के लिए 75 वर्षों की यात्रा पूरी करना अपने आप में एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है। इसके पीछे वर्षों की मेहनत, अनुशासन, समर्पण, संयम और निरंतर प्रयास के साथ-साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की सफलता केवल एक व्यक्ति या संस्था के प्रयास से संभव नहीं होती। इसके लिए शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग आवश्यक है।
अनुशासन और संयम शिक्षा की सफलता का आधार
उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल बेहतर शैक्षणिक परिणाम प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और बेहतर नागरिक बनने की भावना विकसित करना भी है। बिना अनुशासन और संयम के शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने विद्यालय परिवार से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर निरंतर ध्यान देने का आह्वान किया।

