
भोपाल/मध्यप्रदेश (मनोज कुमार प्रसाद)25 सितंबर।इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय, भोपाल द्वारा देशव्यापी ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ तथा ‘स्वच्छ भारत दिवस’ के उपलक्ष्य में आज पी.एम.श्री. केंद्रीय विद्यालय, 3 ईएमई सेंटर, बैरागढ़ में स्कूली बच्चों के लिए एक भव्य पोस्टर-पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘स्वच्छता, जल प्रबंधन एवं पर्यावरण’ रखा गया था, जिसमें केंद्रीय विद्यालय के 40 प्रतिभावान छात्रों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान नन्हें कलाकारों ने रंगों और तूलिका के माध्यम से जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण और स्वच्छ भारत के प्रेरणादायक दृश्यों को अत्यंत कलात्मक और प्रभावी ढंग से कैनवास पर उतारा।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए संग्रहालय के स्वच्छता अभियान प्रभारी दीपक कुमार चौधरी ने उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित किया और उन्हें स्वच्छता को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि अपनी दैनिक जीवनशैली का अहम हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी। प्रतियोगिता के समन्वयक एवं मुख्य कलाकार ललित बागुल ने छात्रों को चित्रकला के तकनीकी पहलुओं और विचारों की प्रभावी प्रस्तुति के बारे में बहुमूल्य मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य मनीष तुली ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उनकी उत्कृष्ट पेंटिंग्स की सराहना की। कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने में कला शिक्षक शिवराम रघुवंशी का विशेष योगदान रहा, जिनकी देखरेख में पूरा आयोजन सफलता पूर्वक पूरा हुआ।
इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के जनसंपर्क अधिकारी हेमंत बहादुर सिंह परिहार ने कहा,कला अभिव्यक्ति का सबसे सशक्त माध्यम है। जब बच्चे अपने कूची और रंगों के जरिए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हैं, तो वह समाज के दिल और दिमाग पर गहरी छाप छोड़ता है। संग्रहालय का यह प्रयास युवा पीढ़ी में बचपन से ही स्वच्छता और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना जागृत करना है।”
