
RKTV NEWS/ नई दिल्ली 05 जुलाई।भारत और सिंगापुर के बीच गहरी रणनीतिक और समुद्री साझेदारी को सुदृढ़ करते हुए, भारतीय नौसेना के परिचालन तैनाती के हिस्से के रूप में, रियर एडमिरल आलोक आनंद, फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग के नेतृत्व में पूर्वी बेड़े के भारतीय नौसेना के जहाज उदयगिरि, शक्ति और कवरत्ती ने सिंगापुर के चांगी नौसेना अड्डे पर अपना बंदरगाह दौरा पूरा किया।
आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष और भारत सरकार की एक्ट ईस्ट पॉलिसी के अनुरूप, तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में दोनों नौसेना बलों के बीच अंतर-संचालनीयता और नौसैनिक सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से क्रॉस-डेक दौरों सहित कई पेशेवर वार्ताएं हुई। बंदरगाह पर ठहराव के दौरान स्कूली छात्रों ने भी आईएनएस कवरत्ती का दौरा किया, जिससे उन्हें नौसैनिक अभियानों, युद्धपोत पर जीवन और भारतीय नौसेना का मार्गदर्शन करने वाले समुद्री मूल्यों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ।
इस यात्रा की सफल समाप्ति भारत और सिंगापुर के बीच बढ़ते समुद्री सहयोग में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। बंदरगाह पर हुई मुलाकातों से पेशेवर समझ बढ़ाने, परिचालन सहयोग को मजबूत करने और क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए साझा प्रयासों को बढ़ावा देने में योगदान मिला है।
