
सहार/भोजपुर(डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)03जुलाई। राजकीय डिग्री महाविद्यालय, सहार में गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ हो गया। बिहार सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम के चौथे निश्चय ‘प्रत्येक प्रखंड में एक डिग्री महाविद्यालय’ की परिकल्पना के तहत स्थापित इस महाविद्यालय में पहले दिन उत्साहपूर्ण माहौल के बीच छात्रों का नामांकन प्रारंभ हुआ।तकनीकी कारणों से 1 जुलाई को नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह शुरू नहीं हो सकी थी, जिसे गुरुवार को सफलतापूर्वक प्रारंभ किया गया। महाविद्यालय के प्रथम नामांकित छात्र अंकुश कुमार तथा प्रथम नामांकित छात्रा वंशिका कुमारी बनीं।नामांकन प्रक्रिया का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य विकास चंद्र ने वैदिक परंपरा के अनुसार नारियल फोड़कर एवं फीता काटकर किया।
इस अवसर पर प्लस-टू उच्च विद्यालय, सहार के प्रधानाध्यापक संतोष कुमार राय सहित आर.बी. सिंह, धीरज कुमार, सुनीता कुमारी, महाविद्यालय एवं विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं तथा स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विकास चंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री की परिकल्पना के अनुरूप स्थापित यह महाविद्यालय ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का नया द्वार खोलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह संस्थान क्षेत्र के शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।नामांकन प्रक्रिया के सफल संचालन में मुकेश कुमार, मुकेश राम एवं मलखान कुमार का सराहनीय योगदान रहा।
