
RKTV NEWS/दुमका ( झारखंड)10 जून।उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिला पुस्तकालय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पुस्तकालय के संचालन, विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा पुस्तकालय की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने पुस्तकालय प्रभारी से पुस्तकालय की वर्तमान स्थिति, सदस्यता प्राप्त विद्यार्थियों की संख्या तथा प्रतिदिन अध्ययन हेतु आने वाले विद्यार्थियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि पुस्तकालय में सदस्यता लेने वाले सभी विद्यार्थियों एवं नियमित रूप से अध्ययन करने आने वाले विद्यार्थियों का अद्यतन अभिलेख संधारित किया जाए तथा उनकी उपस्थिति की सूची व्यवस्थित रूप से रखी जाए।
उपायुक्त ने पुस्तकालय की आय एवं व्यय से संबंधित अभिलेखों का समुचित संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि वित्तीय प्रबंधन में पूर्ण पारदर्शिता रखी जाए तथा सभी आय-व्यय का नियमित लेखा-जोखा उपलब्ध रहे।
उन्होंने कहा कि पुस्तकालय विद्यार्थियों के अध्ययन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। पुस्तकालय परिसर में स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था, साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य सभी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखी जाएं।
उपायुक्त ने विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए समय-समय पर करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि उन्हें विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार के अवसरों एवं उच्च शिक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त हो सके। साथ ही उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं एवं विभिन्न विषयों से संबंधित उपयोगी पुस्तकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में पुस्तकालय की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं छात्रहितैषी बनाने के लिए आवश्यक सुझावों पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने कहा कि पुस्तकालय को ज्ञान एवं मार्गदर्शन का सशक्त केंद्र बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएं, ताकि अधिकाधिक विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें।
बैठक में उप विकास आयुक्त, पुस्तकालय समिति के सदस्यगण एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
